scorecardresearch
 

'सपा के 25-26 सांसद पाला बदलने को तैयार', राजभर के बाद अब केशव मौर्य ने किया बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के भीतर बड़ी टूट को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि सपा के कई सांसद और नेता भाजपा में आने के लिए बिल्कुल तैयार बैठे हैं, जिस पर विपक्ष ने पलटवार किया है.

Advertisement
X
केशव मौर्य का तीखा हमला.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
केशव मौर्य का तीखा हमला.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद वर्तमान में पाला बदलने और पार्टी तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं. टीएमसी और शिवसेना में हुई टूट का उदाहरण देते हुए भाजपा नेताओं द्वारा सपा में दरार की बातें कही जा रही हैं. उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा फिलहाल उनकी पार्टी को खुद नहीं तोड़ रही है बल्कि साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव तक ये नेता अपने आप ही टूटकर चले जाएंगे. इस सियासी घमासान के बीच राम मंदिर मामले पर भी बयानबाजी हुई है.

'सपा में होगी बड़ी टूट', राजभर का सोशल मीडिया पोस्ट

इससे पहले राज्य सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सनसनी मचा दी. राजभर ने लिखा कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी और राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है. उन्होंने खनन और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा यूपी इसके मास्टरमाइंड को जानता है, शिकंजा कसने से सपा परेशान है और समूची सपा भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है. उधर, यूपी के मंत्री मनोज पांडेय ने भी कहा कि सत्ता में रहने पर लोगों को भगाने वाली सपा के साथ आज कोई नहीं रहना चाहता.

सपा का पलटवार- 'राजभर खुद एक स्कैम हैं'

इन दावों पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने लखनऊ में कहा कि ओम प्रकाश राजभर खुद अपने आप में एक स्कैम हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में तानाशाही है और मुख्यमंत्री की भाषा शैली ठीक नहीं है. वहीं सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने राजभर को दोमुंहा बताते हुए कहा कि वे सिर्फ मंत्री पद पर बने रहने के लिए बयान देते हैं. उन्होंने दावा किया कि सपा का एक भी नेता भाजपा में नहीं जाएगा और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी.

Advertisement

राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर बोले केशव मौर्य

वहीं, कानपुर में राम मंदिर के दानपात्र से चोरी होने के मामले पर बोलते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है, तो फिर एफआईआर (FIR) की क्या जरूरत है? उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि दानपात्र का पैसा जिसने भी खाया है, उसको कानूनी सजा तो मिलेगी ही, साथ ही वह जीवन में कभी सुख नहीं भोग पाएगा. उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद पूरा पैसा रिकवर हो जाएगा और हनुमान जी सब कुछ ठीक कर देंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement