scorecardresearch
 

सड़क पर मौत का तांडव... बालू लदे ट्रैक्टर ने ऑटो को रौंदा, 2 की मौत, हादसा का VIDEO

कौशांबी में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर और ऑटो की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ऑटो से टकराता और उसके ऊपर चढ़ता दिखाई दे रहा है.

Advertisement
X
मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर हुआ हादसा.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर हुआ हादसा.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे CNG ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी और उसके ऊपर चढ़ गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

दरअसल, इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर आ रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो जाता है और सामने से आ रहे ऑटो से टकरा जाता है. इसके बाद ट्रैक्टर ऑटो के ऊपर चला जाता है. पीछे से गुजर रहे एक व्यक्ति ने पूरे हादसे का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सामने आया है.

यह भी पढ़ें: पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या... कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया.

मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर हुआ हादसा

यह हादसा मंझनपुर-सिराथू मार्ग पर मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सेलरहा पश्चिम गांव के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, CNG ऑटो मंझनपुर से यात्रियों को लेकर सिराथू की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर सीधे ऑटो के ऊपर चढ़ गया. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

इस हादसे में कानपुर नगर के बर्रा के रहने वाले ऑटो सवार आशीष मिश्रा (35) और हरदोई के रहने वाले सूर्यांश बाजपेई (25) की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया.

देखें वीडियो...

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में निर्मला देवी (55), राम सुमेर (40), रेखा देवी, 10 वर्षीय एकाग्र और मोहम्मद मोहसिन समेत अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए. हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

डीएसपी सदर शिवांक सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement