scorecardresearch
 

15 साल पुरानी रंजिश में हुआ खूनी खेल, खेत जा रहे युवक लाठी-डंडे से पीटकर हत्या

कौशांबी में 15 साल पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. लाठी-डंडों से हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Advertisement
X
इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत (Photo:  Akhilesh Kumar/ITG)
इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत (Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 15 साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. यह मामला चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, गांव के रामानंद खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही प्रेम कुमार, अजय कुमार और शिकारन उर्फ पुनीत ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

शोर-शराबा सुनकर रामानंद के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों तरफ से लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस झड़प में एक पक्ष से प्रेम कुमार, अजय कुमार और शिकारन उर्फ पुनीत घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से शिवमूरत, रामप्रकाश, सुरेंद्र कुमार और रामानंद को गंभीर चोटें आई हैं. सभी घायलों को पहले चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

15 साल पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 35 वर्षीय शिवकरण की मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी तनाव का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Advertisement

मृतक के परिजन राकेश कुमार का कहना है कि करीब 15 साल पहले खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. तभी से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी. उनका आरोप है कि पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसकी वजह से यह घटना हुई.

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. दो पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो.

पुलिस जांच में जुटी, गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा

मृतक के परिजन राकेश कुमार ने बताया कि पहले भी विवाद हुआ था और पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी वजह से आज यह घटना हो गई. इस घटना पर कौशांबी सत्यनारायण प्रजापत ने का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है. एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं. मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement