scorecardresearch
 

पहले जूते मारे, वीडियो वायरल हुआ, फिर हेडमास्टर मैडम पर दर्ज हुई FIR

कौशांबी जिले में टीसी लेने पहुंचे एक अभिभावक को जूते से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पीड़ित की शिकायत पर चरवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. शिक्षा विभाग में भी इस घटना के बाद हलचल मच गई.

Advertisement
X
टीसी लेने पहुंचे युवक को जूते से पीटा. (Photo: Screengrab)
टीसी लेने पहुंचे युवक को जूते से पीटा. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा एक अभिभावक को जूते से पीटने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और मामला चर्चा में आने के बाद चरवा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह मामला चरवा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय टीका का पुरवा का है. बताया गया कि एक रिश्तेदार की बेटी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने पहुंचे अभिभावक के साथ विद्यालय परिसर में विवाद हो गया. देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और प्रधानाध्यापिका ने युवक को जूते से पीटना शुरू कर दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई.

वायरल वीडियो करीब 34 सेकंड का है. इसमें प्रधानाध्यापिका और अभिभावक के बीच बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो में प्रधानाध्यापिका युवक को जूते से मारती हुई भी नजर आती हैं. घटना सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया.

जूते से पीटने वाली प्रधानाध्यापिका पर एफआईआर

पीड़ित अनुज कुमार यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी रिश्तेदार की बेटी का टीसी लेने के लिए अपने मौसी के भाई मनोज कुमार के साथ विद्यालय पहुंचे थे. उनका कहना है कि टीसी मांगने पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने बच्चे का आधार कार्ड लाने को कहा.

Advertisement

आरोप है कि इसी दौरान मनोज कुमार ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. इससे नाराज होकर प्रधानाध्यापिका ने उनका मोबाइल छीन लिया और जमीन पर पटक दिया. पीड़ित के अनुसार जब मोबाइल बचाने की कोशिश की गई तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें प्रधानाध्यापिका गिर गईं. इसके बाद उन्होंने युवक को जूते से पीटना शुरू कर दिया.

घटना के दौरान किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया.

वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापिका और अभिभावक के बीच आधार कार्ड और बच्चे को लेकर बहस भी सुनाई दे रही है. प्रधानाध्यापिका का कहना है कि बच्चे को साथ लेकर आएं और जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत करें. वहीं पीड़ित का कहना है कि बच्चे का आधार कार्ड पहले ही विद्यालय में जमा कराया जा चुका है और टीसी देने में अनावश्यक देरी की जा रही थी.

टीसी लेने पहुंचे युवक से हुआ था विवाद

मामला सामने आने के बाद पीड़ित अनुज कुमार यादव ने चरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement