उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गैस सिलेंडर की कमी ने एक परिवार की खुशियों पर ब्रेक लगा दिया. बदनौली गांव की रहने वाली शिवानी की शादी 25 मार्च को होनी थी, लेकिन गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते कार्यक्रम को टालना पड़ा. शादी की नई तारीख अब 28 मार्च तय की गई है और वह भी, DSO से सहायता का आश्वासन मिलने के बाद.
परिवार के मुताबिक, शादी के लिए करीब 12 गैस सिलेंडरों की जरूरत थी, लेकिन समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सके. हलवाईयों को खाना बनाने के लिए गैस नहीं मिल पाई, जिससे तैयारियां अधूरी रह गईं और अंतिम समय पर शादी को स्थगित करना पड़ा. इस स्थिति ने पूरे परिवार को परेशान कर दिया.
यह भी पढ़ें: प्यार में पति बना रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, हापुड़ में खौफनाक हत्याकांड
बताया जा रहा है कि एलपीजी गैस की कमी का कारण ईरान युद्ध बताया जा रहा है, जिससे इलाके में सिलेंडरों की भारी किल्लत हो गई है. आसपास के लोगों के पास भी अतिरिक्त सिलेंडर नहीं थे, जिससे परिवार को कहीं से मदद नहीं मिल सकी.
परिवार ने अधिकारियों से लगाई गुहार
शिवानी की मां बिमलेश और भाई रोबिन ने इस समस्या को लेकर हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों से शादी के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, ताकि कार्यक्रम संपन्न हो सके.
परिवार ने बताया कि कई दिनों तक विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सके. पूर्ति विभाग से छह गैस सिलेंडरों की मांग की गई थी, लेकिन समय पर व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण शादी टालनी पड़ी.
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर गैस आपूर्ति व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जरूरत के समय भी लोगों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं.
DSO ने दिलाया भरोसा, शुरू हुई आंशिक मदद
मामले में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बालियान ने हस्तक्षेप करते हुए परिवार को राहत देने की कोशिश की है. उन्होंने गैस एजेंसी से तीन सिलेंडर तत्काल दिलवाए हैं, जबकि तीन अन्य सिलेंडर बृहस्पतिवार तक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.
अधिकारियों का कहना है कि शादी को ध्यान में रखते हुए हर संभव मदद की जा रही है, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके. फिलहाल परिवार 28 मार्च को नई तारीख पर शादी की तैयारियों में जुट गया है.
इस घटना ने गैस सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों को हो रही परेशानियों को उजागर कर दिया है, जहां एक परिवार को अपनी बेटी की शादी तक टालनी पड़ी.