scorecardresearch
 

फ्लाइट में 'भूत का साया'! लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी गेट खोलने दौड़ा मोहम्मद अदनान, चिल्लाने लगे यात्री 

बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो फ्लाइट में लैंडिंग से ठीक पहले एक यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश कर दी, जिससे हड़कंप मच गया. केबिन क्रू ने तुरंत उसे काबू में किया और पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दोबारा हवा में ले जाकर सुरक्षित लैंडिंग कराई. आरोपी को हिरासत में लेकर केस दर्ज किया गया है. पूछताछ में उसने 'भूत का साया' होने की बात कही.

Advertisement
X
वाराणसी एयरपोर्ट लैंडिंग से पहले एक फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश हुई (FIle Photo)
वाराणसी एयरपोर्ट लैंडिंग से पहले एक फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश हुई (FIle Photo)

बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एक इंडिगो फ्लाइट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले अचानक विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश शुरू कर दी. कुछ ही सेकंड में यह घटना पूरे केबिन में डर और बेचैनी का कारण बन गई. यात्रियों की धड़कनें तेज हो गईं, लोग सीटों पर जमे रह गए और हर किसी की नजर उस शख्स पर टिक गई, जो बिना किसी वजह के खतरनाक हरकत करने लगा था.

घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-185 की है, जो बेंगलुरु से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने वाली थी. विमान रनवे पर टचडाउन करने ही वाला था, तभी यह अप्रत्याशित घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि मोहम्मद अदनान नाम का एक यात्री अचानक अपनी सीट से उठा और तेजी से इमरजेंसी गेट की ओर बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले तो लोगों को लगा कि शायद वह गलती से उस तरफ जा रहा है, लेकिन अगले ही पल उसने गेट के पास लगे बटन के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. यह देखकर पास बैठे यात्रियों के होश उड़ गए. कुछ लोग घबराकर उठने लगे, तो कुछ ने क्रू मेंबर्स को आवाज लगाई. विमान में उस समय बेहद संवेदनशील स्थिति थी, क्योंकि फ्लाइट लैंडिंग पोजीशन में थी. ऐसे में किसी भी तरह की गड़बड़ी बड़ा खतरा बन सकती थी. लेकिन इसी दौरान केबिन क्रू की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने हालात बिगड़ने से पहले ही संभाल लिए.

Advertisement

केबिन क्रू की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जैसे ही क्रू को स्थिति का अंदाजा हुआ, उन्होंने बिना देरी किए उस यात्री को पकड़ लिया और उसे गेट से दूर किया. यह पूरी कार्रवाई बेहद तेजी और संयम के साथ की गई, ताकि बाकी यात्रियों में घबराहट न फैले. सूत्रों के मुताबिक, पायलट ने भी स्थिति को भांपते हुए तुरंत फैसला लिया और विमान को रनवे पर उतारने के बजाय फिर से आसमान की ओर मोड़ दिया. यह एक एहतियाती कदम था, ताकि किसी भी तरह के जोखिम से बचा जा सके. कुछ देर तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा और जब हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ गए, तब उसे सुरक्षित तरीके से वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा गया. इस दौरान यात्रियों की सांसें अटकी रहीं, लेकिन अंततः सबकुछ सामान्य हो गया.

लैंडिंग के बाद हिरासत में लिया गया आरोपी

विमान के सुरक्षित उतरते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. आरोपी यात्री को तुरंत एयरलाइन के सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया. इसके बाद उसे एयरपोर्ट से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. इस मामले में एयरलाइन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित फूलपुर थाने में केस दर्ज किया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 125 के तहत मुकदमा कायम किया गया है.

Advertisement

पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली बात

पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो बताया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. उसने दावा किया कि उस पर 'भूत का साया' है और उसी के प्रभाव में उसने यह कदम उठाया. हालांकि पुलिस इस बयान को गंभीरता से जांच रही है और हर पहलू से मामले को समझने की कोशिश कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मऊ जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र का रहने वाला है और हाल ही में गोवा घूमने गया था. वह वहीं से लौटते हुए इस फ्लाइट में सवार हुआ था. प्रारंभिक पूछताछ में उसने यह भी कहा कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है.

सुरक्षा एजेंसियां भी हुईं अलर्ट

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिर्फ स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं. एटीएस और आईबी की टीमों ने भी आरोपी से पूछताछ की है. उनका फोकस यह जानने पर है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई और कारण या साजिश तो नहीं है. फिलहाल सभी एजेंसियां इस मामले को एहतियात के तौर पर जांच रही हैं और आरोपी के मानसिक व व्यवहारिक पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.

Advertisement

पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी फिलहाल हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसकी मानसिक स्थिति क्या है और क्या वह पहले भी किसी असामान्य व्यवहार में शामिल रहा है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हैं, ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement