scorecardresearch
 

गाजियाबाद: पैसेफिक मॉल के सिनेमा हॉल में लगी आग, धू-धूकर जल उठा प्रोजेक्टर रूम

गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉल के अंदर स्थित सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में भीषण आग लग गई. मौके पर पहुंची दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि घटना में कोई आग की चपेट में नहीं आया.

Advertisement
X
फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियों ने बुझाई आग. (Photo: Screengrab)
फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियों ने बुझाई आग. (Photo: Screengrab)

गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मॉल के अंदर सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही पूरे मॉल परिसर में धुआं फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र के आनंद विहार बॉर्डर के पास स्थित पैसिफिक मॉल की है.

आग सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आग लगते ही मॉल प्रशासन ने तुरंत सिक्योरिटी अलार्म एक्टिव किया और लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया. एहतियात के तौर पर सिनेमाघर के शो भी रोक दिए गए.

fire breaks out in projector room of cinema at pacific mall ghaziabad

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

यह भी पढ़ें: देहरादून के पैनेशिया हॉस्पिटल में लगी आग, AC ब्लास्ट होने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद कुछ देर के लिए मॉल में धुएं का गुबार फैल गया था, जिससे लोग घबरा गए. कई लोग तुरंत बाहर की ओर भागते नजर आए. मॉल प्रशासन और सुरक्षा कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

Advertisement

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि आग को बुझा दिया गया है और कूलिंग का काम भी किया गया, ताकि दोबारा आग न भड़क सके. साथ ही आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद कुछ समय के लिए मॉल के अंदर आवाजाही सीमित कर दी गई थी. पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने पूरे इलाके की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement