उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लव जिहाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवती हिंदू संगठनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. युवती ने आरोप लगाया कि उसे बहाने से दिल्ली ले जाकर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाया गया.
मामला राधानगर थाना क्षेत्र के खुशवक्तराय नगर इलाके का है. पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने पति के साथ किराए के कमरे में रहकर काम के सिलसिले में काफी समय से शहर में रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात गंगानगर कॉलोनी निवासी फिजा खातून से हुई.
पीड़िता का आरोप है कि फिजा खातून उसके घर आने लगी और अपनी मजबूरी बताकर उससे करीब 46 हजार रुपये ले लिए. जब भी पैसे वापस मांगने की बात होती तो वह टालमटोल करती थी.
पैसे लेने के बाद युवती को शहजादा के घर ले जाकर शादी के लिए दबाव
पीड़िता के अनुसार 18 फरवरी को फिजा खातून उसे घूमने के बहाने अपने साथ दिल्ली ले गई. वहां उसे शहजादा नाम के युवक के घर पर रोक लिया गया. युवती का आरोप है कि वहां फिजा खातून ने कहा कि उसका पति ठीक से कमाता नहीं है, इसलिए वह शहजादा से शादी कर ले और मुस्लिम धर्म अपना ले.
पीड़िता ने जब इस बात से इंकार किया तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया. आरोप है कि फिजा खातून और शहजादा ने उसके साथ मारपीट की और गाली गलौज की. साथ ही धमकी दी कि अगर वह मुस्लिम नहीं बनेगी तो उसे जान से मार दिया जाएगा और किसी को पता भी नहीं चलेगा.
पीड़िता का कहना है कि वह 21 फरवरी को किसी तरह वहां से जान बचाकर भागी और अपने घर पहुंची. इसके बाद उसने अपने पति को पूरी घटना बताई. युवती का आरोप है कि फिजा खातून उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रही है.
फिजा खातून और शहजादा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में हिंदू संगठनों ने भी विदेशी फंडिंग की आशंका जताई है और आरोप लगाया है कि जिले की लड़कियों को दिल्ली और हैदराबाद ले जाया जा रहा है. साथ ही कई लड़कियों के आधार कार्ड के पते बदलवाने की बात भी कही गई है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गंगानगर कॉलोनी निवासी फिजा खातून और दिल्ली निवासी शहजादा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी.