लोग सोशल मीडिया पर वायरल और चर्चित होने के लिए आजकल तरह तरह के हथकंडे अपनाते हैं. इसी क्रम में आगरा में एक युवक ने खुदखुशी का नाटक करते हुए रील बनाया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर कर दिया.
चर्चित होने के लिए युवक ने एक फिल्मी कहानी बनाई जो एकदम सच जैसा था. रील वीडियो को दमदार बनाने के लिए युवक ने हाथ में एक दो नहीं करीब 40 गोलियां ली और सब एक साथ खा लिया.
वीडियो के साथ युवक ने बाहुबली फिल्म का गाना 'कैसी है ये अनहोनी' को जोड़ दिया और शनिवार को वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया. इसके बाद युवक ने खाना खाया और सो गया. इस बीच युवक का रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया जो पुलिस तक भी पहुंच गया.
पुलिस टीम ने रील के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी और जांच पड़ताल के बाद पता चला कि रील चित्राहट थाना क्षेत्र के सूरजपुर कस्बे में रहने वाले अविनाश नाम के युवक ने बनाई है.
सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने अविनाश के घर के लोकेशन का पता लगा लिया और टीम उसके घर पहुंच गई. पुलिस जब अविनाश के घर पहुंची तो अविनाश सो रहा था, पुलिस ने अविनाश से पूछताछ की और पता किया कि उसने कौन सी गोली खाई थी.
अविनाश ने पुलिस को बताया कि उसने मोटा होने के लिए विटामिन की गोलियां खाई थी. पुलिस के घर पहुंचने के बाद परिजनों को अविनाश के रील बनाने की जानकारी हुई. पूर्वी आगरा के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि युवक पूरी तरह स्वस्थ है. उसने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए इस तरह की रील बनाकर डाली थी.