उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कालागढ़ इलाके से सोशल मीडिया रीलबाजी का एक खतरनाक मामला सामने आया है. यहां कुछ युवकों ने चंद लाइक और व्यूज़ पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल दी. युवकों ने एक नई थार गाड़ी को रामगंगा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी के बीच उतार दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक थार गाड़ी को नदी के अंदर लेकर जाते हैं और वहां खड़े होकर रील बना रहे हैं. इसी दौरान नदी का तेज बहाव गाड़ी को अपनी चपेट में लेने लगता है. कुछ ही देर में थार पानी में बहने लगती है। मौके पर मौजूद लोग यह नजारा देखकर घबरा जाते हैं.
बताया जा रहा है कि उसी समय नदी में नहा रहे कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को बचाने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी के मुताबिक यह मामला बिजनौर के कालागढ़ क्षेत्र का है. यहां लगातार लोग सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए खतरनाक स्टंट और रील बना रहे हैं. अब इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोग भी नाराज दिखाई दे रहे हैं.
बिना नंबर की नई थार को नदी में ले जाने पर पुलिस जांच तेज
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि गाड़ी के आसपास काफी भीड़ जमा है. कई युवक गाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बना रहे हैं. तेज बहाव और गहरे पानी के बीच इस तरह की लापरवाही को देखकर लोग हैरान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सेकंड की सोशल मीडिया लोकप्रियता के लिए लोग अपनी जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी और डैम जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.
उधर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ी और उसमें मौजूद युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. हालांकि वीडियो में गाड़ी का नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा, जिससे पहचान करने में दिक्कत हो रही है. सूत्रों के मुताबिक यह थार गाड़ी उत्तराखंड के जसपुर इलाके की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने हाल ही में दो नई थार गाड़ियां खरीदी थीं और उन्हीं की रील बनाने के लिए वे रामगंगा नदी पहुंचे थे. इसी दौरान एक थार को नदी के अंदर उतार दिया गया.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों गाड़ियों का अभी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था, इसलिए उन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. यही वजह है कि पुलिस को वाहन मालिक तक पहुंचने में परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस तरह की रीलबाजी पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश जारी है.