उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव खेड़ा में आज एक अनोखी और देसी बारात देखने को मिली. जहां आमतौर पर लोग बग्गी और लग्जरी गाड़ियों से बारात लेकर पहुंचते हैं, वहीं दूल्हे शुभम कुमार ने परंपरा से हटकर ट्रैक्टर पर सवार होकर दुल्हन के घर एंट्री की. इस अनोखी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
गांव खेड़ा निवासी राजकुमार के बेटे शुभम की यह देसी बारात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई. गांव वालों ने भी जमकर स्वागत किया और हर कोई इस सादगी और देसी अंदाज का कायल नजर आया.
ट्रैक्टर पर निकली दूल्हे की बारात
इस बारात में ना कोई दिखावा था और ना ही शान-ओ-शौकत. सिर्फ अपनापन और देसी गर्व की पहचान दिखी. दूल्हे के परिवार और बारात में आए लोगों ने इसे देसी बारात का नाम दिया. शुभम खुद ट्रैक्टर चलाते हुए बारात लेकर निकले. उनके दोस्त और रिश्तेदार ट्रैक्टर पर बैठकर साथ में डांस करते नजर आए.
बारात के दौरान शुभम के सिर पर नोट भी लगाए गए, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. ग्रामीणों का कहना था कि जहां लोग अपनी बारात में बड़ी-बड़ी गाड़ियां और घोड़े-बग्गी लाते हैं, वहीं इस देसी अंदाज ने अपनी अलग पहचान बना ली है.
देसी अंदाज की बारात बनी चर्चा का विषय
दूल्हे शुभम ने बताया कि उन्होंने बुजुर्गों से सुना था कि पहले बारात ट्रैक्टर और बग्गी से ही निकाली जाती थी. उन्होंने उसी पुरानी परंपरा को जिंदा करने के लिए यह शुरुआत की है.