scorecardresearch
 

छत पर चढ़कर ठाएं- ठाएं...नहीं बंद किया DJ तो पड़ोसी ने फायरिंग कर शादी में फैलाई दहशत

बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक तनाव में बदल गया. आरोप है कि कहासुनी के बाद एक युवक ने घर की छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement
X
नहीं बंद किया डीजे तो पड़ोसी ने शादी में फैलाई दहशत (Photo: itg)
नहीं बंद किया डीजे तो पड़ोसी ने शादी में फैलाई दहशत (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश में बिजनौर के शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सालमाबाद में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कथित तौर पर अपने घर की छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग कर दी. फायरिंग की आवाज सुनते ही शादी वाले घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए खुशी का माहौल तनाव में बदल गया. मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे संवेदनशील मानते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया.
 
भात भरने पहुंचे थे रिश्तेदार, गांव में आते ही बजा डीजे 

जानकारी के अनुसार सालमाबाद निवासी सतीश की बारात मंगलवार को जानी है. इसी क्रम में सोमवार शाम भात की रस्म निभाने के लिए रिश्तेदार और भात पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे. परंपरागत उत्साह और खुशी के माहौल में गांव में प्रवेश करते समय डीजे बजाया जा रहा था और लोग जश्न मना रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान पड़ोसी गांव भरेहरा के एक व्यक्ति ने डीजे बजाने पर आपत्ति जताई. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि विरोध करने वाला व्यक्ति गुस्से में अपने घर की छत पर चढ़ गया और वहां से हवाई फायरिंग कर दी.

फायरिंग की आवाज से दहशत 

हवाई फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में दहशत फैल गई. कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के सदस्य भी अचानक हुई इस घटना से सकते में आ गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं होती तो मामला और गंभीर रूप ले सकता था.

Advertisement

 SC और जाट समुदाय से जुड़ा मामला 

ग्रामीणों के अनुसार विवाद दो अलग-अलग बिरादरियों के बीच हुआ है. बताया जा रहा है कि शादी वाले पक्ष का संबंध अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से है, जबकि फायरिंग करने का आरोप जिस व्यक्ति पर लगा है, वह जाट समुदाय से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी समुदाय के आधार पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है और पूरे मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है.

गांव के कुछ लोगों का कहना है कि शादी समारोह में डीजे बजाना सामान्य परंपरा का हिस्सा था, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि डीजे को लेकर पहले भी आपत्तियां जताई गई थीं. फिलहाल दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहे हैं और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. फिलहाल गांव में स्थिति शांत बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हवाई फायरिंग के आरोपों की जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement