यूपी में बिजनौर के रोडवेज परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खड़ी बस के अंदर ड्राइवर की लाश लटकी मिली है. इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है. पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.
मृतक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो रोडवेज बस का चालक था और मीरापुर का रहने वाला था. घटना का पता उस समय चला, जब बस कंडक्टर सलमान ने ड्राइवर धर्मेंद्र को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. संदेह होने पर वह बस के पास पहुंचा और अंदर जाकर देखा तो धर्मेंद्र की लाश फंदे से लटकी हुई थी.

यह देखते ही वह घबरा गया और चीख निकल गई. शोर सुनकर रोडवेज परिसर में मौजूद अन्य कर्मचारी और लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
यह भी पढ़ें: MP: विधायक पुत्र के बंगले में नौकरानी की मौत, पेड़ से लटकी मिली लाश, चेहरे पर चोट के निशान!
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव फंदे से उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी की जा रही है.
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) संग्राम सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. उन्होंने बताया कि यह भी जानकारी सामने आई है कि ड्राइवर का उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया हो सकता है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. हालांकि, इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)