उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. गांव के ही एक सिरफिरे शख्स ने एक शादीशुदा महिला द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर खौफनाक बदला लिया. आरोपी ने रात के वक्त घर में घुसकर महिला, उसके पति और दो मासूम बच्चों पर तेजाब उड़ेल दिया. इस जानलेवा हमले में चारों लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
थाना शीशगढ़ इलाके में रहने वाली पीड़ित महिला लक्ष्मी ने अस्पताल के बिस्तर से रोते हुए इस भयानक रात का खौफनाक मंजर बयां किया.
दरअसल, वारदात के वक्त लक्ष्मी, उसके पति और दोनों बच्चे चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर गहरी नींद में सो रहे थे. तभी गांव का ही रहने वाला आरोपी उमेश कश्यप छत के रास्ते दबे पांव घर में दाखिल हुआ. उसने बिना कुछ सोचे-समझे मच्छरदानी के ऊपर से ही पूरे परिवार पर तेजाब उड़ेल दिया और चीख-पुकार मचने पर मौके से फरार हो गया. तेजाब की तपन से पूरा परिवार बुरी तरह झुलस गया.
'उसकी पत्नी और 5 बच्चे हैं, फिर भी मुझे दे रहा था धमकी'
अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही पीड़िता लक्ष्मी ने पुलिस को दिए बयान में बताया, "उमेश कश्यप काफी समय से मुझे परेशान कर रहा था और जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था. मैंने उससे साफ कह दिया था कि मैं जैसी भी हूं, अपने पति और दो बच्चों के साथ बेहद खुश हूं. उमेश खुद शादीशुदा है, उसकी पत्नी है और उसके 5 बच्चे हैं. मना करने पर वह मेरे बच्चों की जान का दुश्मन बन गया था. वह लगातार धमकी देता था कि अगर शादी नहीं की तो तेरे पति और बच्चों को जान से मार दूंगा, लेकिन हमें यह अंदाजा नहीं था कि वह हमारे साथ इतनी बड़ी और खौफनाक वारदात कर देगा."
24 घंटे के अंदर एक्शन
इस जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही बरेली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. थाना शीशगढ़ पुलिस ने तत्काल संगीन धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कीं.
बरेली के क्षेत्राधिकारी (CO) अजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थीं. इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी थाना शीशगढ़ क्षेत्र के पास ही एक नहर के किनारे छिपा हुआ है.
पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा, तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर सीधे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में पुलिस का एक सिपाही घायल हो गया. पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी उमेश कश्यप के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. पैर में गोली लगने के कारण आरोपी और घायल सिपाही दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां से आरोपी को सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.