उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से शनिवार तड़के ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान एक परिवार रात में अपने घर के बाहर चैन की नींद सो रहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह रात उनकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी. तेज रफ्तार डंपर ने सो रहे परिवार को रौंद दिया, जिससे पिता और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.
यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ. गांव में देर रात बिजली नहीं थी. गर्मी से परेशान होकर 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहे थे. तभी तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया.
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. हादसे में नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हैं. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है.
हादसे के बाद डंपर चालक फरार
गांव वालों के मुताबिक नीरज बेहद मेहनती इंसान थे और किराए पर मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी, लेकिन वह अपने बच्चों को अच्छी जिंदगी देने के लिए दिन-रात मेहनत करते थे. अब एक ही झटके में पूरा परिवार उजड़ गया. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. हर आंख नम है और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है. ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब दो बजे तेज आवाज सुनाई दी. जब लोग बाहर निकले तो देखा कि डंपर पेड़ से टकराने के बाद परिवार को कुचल चुका था. चारों तरफ चीखें और खून बिखरा पड़ा था.
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो बच्चों को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. महिला की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे तुरंत लखनऊ रेफर किया गया. पुलिस ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है. घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.