scorecardresearch
 

बुर्के में आई महिला, पिस्टल दिखाकर ज्वेलरी शॉप से लूटा सोना, फिल्मी अंदाज में बाइक से हुई फरार

अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप पर बुर्का पहने महिला ने पिस्टल दिखाकर 26 ग्राम सोने के जेवर लूट लिए. वारदात के बाद वह साथी के साथ बाइक से फरार हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है और पुलिस ने जांच के लिए टीमें गठित कर दी हैं.

Advertisement
X
CCTV में कैद हुई लूट की वारदात (Photo: Screengrab)
CCTV में कैद हुई लूट की वारदात (Photo: Screengrab)

रामनगरी अयोध्या में दिनदहाड़े हुई एक दुस्साहसिक लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर बुर्का पहने एक महिला ने पिस्टल की नोक पर सोने के जेवर लूट लिए और अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गई.

यह घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है. महेश ज्वेलर्स नाम की दुकान पर एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची. उसके कंधे पर एक बैग टंगा हुआ था और उसका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ. उसने आराम से दुकानदार से सोने का हार और चेन दिखाने को कहा और ध्यान से उन्हें देखने लगी.

इसके बाद महिला ने बड़ी चालाकी से अपनी योजना को अंजाम दिया. उसने पहले पानी मांगा और फिर समोसा लेने से इनकार कर मिठाई मंगवाने को कहा. इस दौरान उसने दुकानदार और कर्मचारियों को अलग-अलग कामों में उलझा दिया. जैसे ही दुकान में लोगों का ध्यान बंटा, उसने कुछ ही सेकंड में काउंटर पर रखे करीब 26 ग्राम सोने के जेवर अपने बैग में रख लिए.

मिठाई और पानी के बहाने दुकानदार को उलझाया

जब दुकानदार को शक हुआ और उसने महिला को रोकने की कोशिश की, तो उसने तुरंत अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली और दुकानदार की ओर तान दी. उसने धमकी दी कि अगर आगे बढ़े तो गोली मार देगी. इस धमकी से वहां मौजूद लोग डर गए और कोई भी उसे रोक नहीं सका.

Advertisement

महिला दुकान से बाहर निकली तो उसका एक साथी पहले से ही बाइक लेकर बाहर खड़ा था. दोनों तुरंत बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए. दुकानदार और आसपास के लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो पकड़ में नहीं आ सके.

यह पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने करीब 50 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली है और आरोपियों की पहचान के लिए दो टीमें गठित की हैं.

इस मामले में एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल नकली हो सकती है.

पुलिस ने जांच के लिए टीमें गठित की

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महिला अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हुई, जिसकी ट्रैकिंग की जा चुकी है. आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement