scorecardresearch
 

खेत में काम कर रही थी पत्नी, पलक झपकते उजड़ गया घर... तूफान में पेड़ गिरा और पति के सामने चली गई जान

उत्तर प्रदेश के औरैया के अजीतमल क्षेत्र के ककराई गांव में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई. प्रीति नामक महिला अपने पति के साथ खेत में सब्जी तोड़ने गई थी और झोपड़ी में छिपी थी, तभी आम का पेड़ गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisement
X
आंधी बनी मौत की वजह.(Photo: Surya Prakash Sharma/ITG)
आंधी बनी मौत की वजह.(Photo: Surya Prakash Sharma/ITG)

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में आंधी-तूफान के बीच दर्दनाक हादसा सामने आया है. खेतों में सब्जी तोड़ने गई एक महिला की पेड़ गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई.

यह हादसा अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ककराई गांव का है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि राजस्व विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: जीते-जी खुद की तेरहवीं! औरैया के 65 साल के राकेश यादव ने छपवाए कार्ड, 1900 लोगों को दिया न्योता; बताई ये वजह

खेत में काम के दौरान बदला मौसम

जानकारी के अनुसार, प्रीति (32) अपने पति के साथ खेतों में सब्जी तोड़ने गई थी. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी व बारिश शुरू हो गई. खराब मौसम से बचने के लिए प्रीति पास ही खेत में बनी एक झोपड़ी में जाकर बैठ गई.

कुछ ही देर बाद तेज आंधी के कारण पास खड़ा आम का पेड़ उखड़कर सीधे झोपड़ी पर गिर पड़ा. झोपड़ी के नीचे दबने से प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना से परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.

Advertisement

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व राजस्व टीम

घटना की सूचना मिलते ही अजीतमल तहसीलदार, राजस्व विभाग के लेखपाल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

राजस्व विभाग ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement