scorecardresearch
 

अंबेडकर की मूर्ति पर कालिख देख उबल पड़ा जौनपुर, खुद प्रतिमा धोने पहुंचे डीएम; लगे 'जय भीम' के नारे

बहुजन समर्थकों की मांग पर जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहुंचते ही पहले अंबेडकर मूर्ति के पैर छुए. इसके बाद समर्थकों से बातचीत शुरू की. इसके बाद दिनेश चंद्र सिंह और अन्य लोगों ने मूर्ति को मिनरल वाटर से साफ किया और पुष्प अर्पित किया. इस दौरान वहां खड़े लोगों ने जय भीम के नारे लगाए.

Advertisement
X
अंबेडकर प्रतिमा की धुलाई करते जौनपुर डीएम (Photo- Screengrab)
अंबेडकर प्रतिमा की धुलाई करते जौनपुर डीएम (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में होली के उत्साह के बीच उस वक्त तनाव फैल गया, जब दीवानी न्यायालय परिसर के पास स्थित अंबेडकर तिराहे पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने निशाना बनाया. शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा पर कालिख पोतने की खबर जैसे ही सुबह आग की तरह फैली, इलाके में हड़कंप मच गया.

भीम आर्मी का प्रदर्शन, मौके पर भारी पुलिस बल

घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी और विभिन्न दलित संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अंबेडकर तिराहे पर एकत्र हो गए. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और मौके पर जिलाधिकारी (DM) को बुलाने की मांग पर अड़ गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई थानों की फोर्स को तैनात कर दिया, जिससे इलाका छावनी में तब्दील हो गया.

कलेक्टर ने खुद साफ की प्रतिमा, लगाए 'जय भीम' के नारे

बवाल बढ़ता देख जिले के आला अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. माहौल को शांत करने के लिए जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की. उन्होंने खुद मिनरल वाटर की बोतलें मंगवाईं और अपने हाथों से प्रतिमा की धुलाई कर कालिख साफ की. इस दौरान EO नगरपालिका पवन कुमार भी मौजूद रहे. 

Advertisement

FIR दर्ज करने के आदेश

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि जिले की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल मौके पर शांति है, लेकिन एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement