scorecardresearch
 

अलीगढ़: BJP युवा मोर्चा के दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग का LIVE वीडियो आया सामने, गैंगस्टर और NSA लगाने की तैयारी में पुलिस

अलीगढ़ के बन्नादेवी इलाके में वर्चस्व को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के दो गुट आपस में भिड़ गए. सड़क पर हुई सरेआम फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी हर्षद हिंदू समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Advertisement
X
अलीगढ़ में बीच बाजार फायरिंग का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)
अलीगढ़ में बीच बाजार फायरिंग का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी अंतर्गत सराय हकीम और सराय रहमान इलाके में 12 मार्च की रात भाजपा युवा मोर्चा के दो गुटों के बीच वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हुई. इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने खुलेआम सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें शोएब और आयुष शर्मा समेत तीन लोग घायल हो गए. घटना के समय ईद की खरीदारी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. एसएसपी नीरज जादौन के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचे और थार गाड़ी बरामद की. पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. अब गोलीकांड का लाइव वीडियो सामने आया है. 

सीसीटीवी में कैद हुई दहशत की लाइव तस्वीरें

इस खूनी संघर्ष का लाइव वीडियो अब सामने आया है, जिसमें दोनों गुटों के लोग सड़क पर सरेआम गोलियां चलाते दिख रहे हैं. बीच सड़क दोनों साइड से ताबड़तोड़ फायरिंग हो रही है. चंद सेकेंड में दर्जन भर राउंड गोलियां चलीं. इस दौरान एक युवक को गोली लग जाती है और जमीन पर गिर पड़ता है. 

फायरिंग में घायल हुए लोगों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घायलों की हालत स्थिर है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

भाजयुमो नेता समेत 8 आरोपी पहुंचे जेल

पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के महानगर मंत्री हर्षद हिंदू, यश गुप्ता, मयंक ठाकुर, योगेंद्र, प्रफुल्ल पंडित, नमन, काटू उर्फ गौरव और आयुष शर्मा को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध पिस्टल, 2 तमंचे (315 बोर), एक थार और एक कार बरामद की है. पुलिस की FIR में 12 नामजद और एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

Advertisement

गैंगस्टर और NSA के तहत होगी कार्रवाई

एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और एनएसए (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. वर्चस्व की इस लड़ाई ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement