scorecardresearch
 

जिसे पहन टाइटेनिक से जिंदा बची महिला... 8 करोड़ में बिकी वो लाइफ जैकेट

टाइटेनिक हादसे में बची एक महिला की लाइफ जैकेट एक ऐतिहासिक नीलामी में 900,000 डॉलर से अधिक यानी 8 करोड़ रुपये से भी ज्यादा रुपये में बिकी.

Advertisement
X
टाइटेनिक से जिस लाइफ जैकेट को पहन महिला जिंदा बची थी, उसकी नीलामी करोड़ों में हुई (Photo - Getty)
टाइटेनिक से जिस लाइफ जैकेट को पहन महिला जिंदा बची थी, उसकी नीलामी करोड़ों में हुई (Photo - Getty)

टाइटेनिक एक ऐसा जहाज था, जिसके बारे में कहा जाता था कि वह कभी नहीं डूब सकता. फिर भी यह एक आइसबर्ग से टकराकर डूब गया और इस पर सवार करीब 2200 यात्रियों में सिर्फ 700 लोग बच पाए थे. पिछले दिनों टाइटेनिक दुर्घटना में बचने वाली एक सौभाग्यशाली महिला यात्री की लाइफ जैकेट की नीलामी हुई. इस ऑक्शन में लाइफ जैकेट के लिए 670,000 पाउंड (लगभग 904,500 डॉलर) यानी 8 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की अंतिम बोली लगी. इसे 'वंस इन जेरेशन' सेल कहा गया. 

सीएनन की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के नीलामी घर हेनरी एल्ड्रिज एंड सन के अनुसार, लाइफ जैकेट की कीमत 250,000 पाउंड (339,000 डॉलर) और 350,000 पाउंड (474,000 डॉलर) के बीच रहने की उम्मीद थी. 1912 में हुई टाइटेनिक त्रासदी में बचे किसी यात्री की एकमात्र ऐसी जैकेट है जिसे नीलामी के लिए पेश किया गया. 

फर्स्ट क्लास से यात्रा कर रही थी महिला
इस जैकेट को लॉरा मेबल फ्रांकाटेली ने पहना था, जो उस ऐतिहासिक जहाज की फर्स्ट क्लास की यात्री थीं, जो 114 साल पहले अटलांटिक महासागर में  डूबा था. जब आरएमएस टाइटैनिक ने 10 अप्रैल, 1912 को अपनी यात्रा शुरू की, तो वह सर्विस में मौजूद सबसे बड़ा यात्री जहाज था और उसे 'अभेद्य' माना जाता था, जो टूट नहीं सकता था और दावा था कि डूब भी नहीं सकता था.

Advertisement

दुर्भाग्य से महज चार दिन बाद, टाइटेनिक की पहली यात्रा एक भयंकर त्रासदी में बदल गई. जब 14 अप्रैल की रात 11:40 बजे उत्तरी अटलांटिक में जहाज एक हिमखंड से टकरा गया. तीन घंटे से भी कम समय में पूरा जहाज समुद्र की गहराइयों में समा गया था.  इस जहाज पर सवार लगभग 2,220 लोगों के लिए पर्याप्त लाइफबोट नहीं थे. इस वजह से केवल 700 लोग ही जीवित बच पाए.

यह भी पढ़ें: समुद्र में किस जगह डूबा था टाइटेनिक जहाज?

फ्रांकाटेली, फैशन डिजाइनर लूसी डफ गॉर्डन की सचिव थीं और अपने बॉस और उनके पति कॉस्मो डफ गॉर्डन के साथ शिकागो जा रही थीं. तीनों किसी तरह लाइफ बोट नंबर एक में सवार होने में सफल रहे और बच गए. ऑक्शन हाउस की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस बेज रंग की जैकेट पर फ्रांकाटेली और उस लाइफबोट में बचाए गए अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं.  इसमें शोल्डर रेस्ट और साइड स्ट्रैप के साथ कैनवास की 12 कॉर्क से भरी जेबें हैं.

पिछले सप्ताह हेनरी एल्ड्रिज एंड सन में टाइटेनिक और व्हाइट स्टार से संबंधित यादगार वस्तुओं की एक नीलामी आयोजित की गई. यह लाइफ जैकेट इसी का हिस्सा था. नीलामी घर के प्रबंध निदेशक एंड्रयू एल्ड्रिज ने कहा कि यह टाइटेनिक से बिक्री के लिए आने वाली सबसे प्रतिष्ठित वस्तुओं में से एक है.

Advertisement

114 साल पहले डूबा था टाइटेनिक
उन्होंने कहा कि टाइटेनिक 114 साल पहले डूब गया था, लेकिन जहाज पर सवार हर पुरुष, महिला और बच्चे की अपनी एक कहानी थी. इसलिए संक्षेप में कहें तो हमारे पास 2,200 से अधिक अध्याय हैं और आज हम इन यादगार वस्तुओं के माध्यम से उन कहानियों को प्रस्तुत कर रहे हैं. लाइफजैकेट निःसंदेह टाइटैनिक से नीलामी के लिए पेश की जाने वाली सबसे प्रतिष्ठित वस्तुओं में से एक है.

एल्ड्रिज के अनुसार, यह जैकेट एक ऐसे शख्स द्वारा बेची जा रही थी जिसने यह निर्णय लिया है कि अब समय आ गया है कि वह इसे किसी अन्य संग्राहक को सौंप दे. इससे पहले इसे टाइटेनिक बेलफास्ट नामक संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया था, जो उस स्थान पर स्थित है जहां जहाज का निर्माण हुआ था. साथ ही टेनेसी के पिजन फोर्ज में स्थित दुनिया के सबसे बड़े टाइटैनिक संग्रहालय में भी प्रदर्शित किया गया था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement