सिंगापुर में एक नौकरी का इंटरव्यू उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब अंतिम राउंड के दौरान कंपनी के सीईओ और उम्मीदवार के बीच तीखी बहस हो गई. दरअसल, सेल्स पोस्ट के लिए इंटरव्यू दे रहे एक युवक ने सीईओ के व्यवहार से नाराज होकर बीच में ही इंटरव्यू खत्म कर दिया और जॉब जॉइन करने से साफ इनकार कर दिया. सिंगापुर में नौकरी इंटरव्यू के दौरान इस घटना को सुनकर हर कोई हैरान है. एक व्यक्ति ने सेल्स की नौकरी के लिए आवेदन किया था. उसके अनुसार, इंटरव्यू के पहले दो राउंड अच्छे से हो गए थे और कंपनी के भर्ती मैनेजर ने उसके रिज्यूमे की भी तारीफ की थी. इससे उसे लगा कि शायद उसे यह नौकरी मिल जाएगी.
CEO की बात पर बिगड़ा कैंडिडेट
लेकिन जब अंतिम राउंड में कंपनी के सीईओ के साथ फोन पर इंटरव्यू हुआ, तो माहौल अचानक बदल गया. सीईओ ने उससे पूछा कि वह छह महीने में कंपनी के लिए कितनी सेल कर सकता है. इस पर उम्मीदवार ने कहा कि अगर उसे प्रोडक्ट का सेल साइकिल पता चल जाए, तो वह सही अनुमान बता सकता है. उम्मीदवार का यह जवाब सुनकर सीईओ नाराज हो गए. उन्होंने कहा कि उन्हें बहाने नहीं चाहिए और सीधे आंकड़ा बताने को कहा. उम्मीदवार ने समझाने की कोशिश की कि वह बढ़ा-चढ़ाकर वादा नहीं करना चाहता और ईमानदारी से काम करना चाहता है.
गुस्से में छोड़ दिया इंटरव्यू
लेकिन सीईओ और ज्यादा गुस्सा हो गए और उन्होंने उम्मीदवार से कहा कि अगर उसे खुद पर भरोसा नहीं है तो वह इंटरव्यू छोड़कर चला जाए. यहां तक कि उन्होंने यह भी कह दिया कि “तुम जैसे लोग कभी सफल नहीं होते. ” यह सुनकर उम्मीदवार ने बहस जारी रखने के बजाय इंटरव्यू वहीं खत्म कर दिया. उसने सीईओ से कहा कि अब वह इस कंपनी में काम नहीं करना चाहता क्योंकि उसे लगता है कि ऐसा बॉस सही नहीं होगा. इसके बाद उसने कॉल कट कर दी.