मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग का असर अब पूरी दुनिया में दिखने लगा है और भारत भी इससे अछूता नहीं रहा. स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज में बढ़ते तनाव का सीधा असर LPG सप्लाई और कीमतों पर पड़ा है. घरेलू और कमर्शियल गैस दोनों महंगी हुई हैं, जिसका असर छोटे ढाबों, चाय की टपरियों से लेकर बड़े रेस्टोरेंट और फाइव स्टार होटलों तक देखने को मिल रहा है. बढ़ती लागत के चलते कई जगहों पर खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं. सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट भी वायरल हुए, जिनमें रेस्टोरेंट के बिल में ‘गैस क्राइसिस चार्ज’ तक जोड़ा गया दिखा.
इसी बीच इस पूरे हालात पर लोगों का गुस्सा भी सामने आ रहा है, और इसका निशाना सबसे ज्यादा अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप बन रहे हैं. इसका एक दिलचस्प उदाहरण पुणे से सामने आया है, जहां एक रेस्टोरेंट के नोटिस ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है.
‘नारंगी बालों वाला मूर्ख’
पुणे के कोथरूड इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट ने कीमत बढ़ाने की जानकारी देने के लिए जो नोटिस लगाया, उसने सभी का ध्यान खींच लिया. रेस्टोरेंट मालिक ने अपने नोटिस में बिना नाम लिए डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसते हुए उन्हें ‘नारंगी बालों वाला मूर्ख’ बताया है. यह नोटिस मराठी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा गया है.
नोटिस में लिखा है कि 'एक मूर्ख नारंगी बालों वाले व्यक्ति द्वारा शुरू किए गए हालिया युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, जिसके चलते LPG महंगे हो गए हैं. इसलिए नई दरें 21 मार्च से लागू होंगी. कृपया सहयोग करें या जंग को रोकने में मदद करें.
देखें वायरल पोस्ट
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ नोटिस
जैसे ही यह नोटिस सामने आया, यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोगों ने इस अनोखे और व्यंग्यात्मक अंदाज को खूब पसंद किया. कई यूजर्स ने इसे कीमत बढ़ाने का ‘यूनिक आइडिया’ बता रहे हैं, वहीं कुछ का कहना है कि इस तरह के मैसेज से ग्राहक भी मजबूरी को बेहतर समझ पाएंगे.
मजाक में छिपी गंभीर बात
पूरे मामले में दिलचस्प बात यही है कि एक साधारण प्राइस हाइक नोटिस को रेस्टोरेंट ने ऐसे अंदाज में पेश किया कि वह चर्चा का विषय बन गया. साथ ही इसने हल्के-फुल्के तरीके से एक गंभीर मुद्दे.वैश्विक हालात का आम लोगों और छोटे कारोबार पर पड़ने वाले असर को भी सामने ला दिया.