ऑफिस में लंच ब्रेक का मतलब आमतौर पर खाना खाना, कॉफी पीना या थोड़ी देर आराम करना होता है. लेकिन Microsoft की एक कर्मचारी ने दिखाया कि उनके लंच ब्रेक का इस्तेमाल कुछ अलग तरीके से भी हो सकता है.
आयरलैंड स्थित Microsoft ऑफिस में काम करने वाली शैफाली गर्ग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में वह ऑफिस के अंदर मौजूद सैलून जैसी सुविधा का इस्तेमाल करते हुए प्रोफेशनल हेयर ब्लो-ड्राई करवाती नजर आती हैं. कुछ ही देर बाद वह नए हेयरस्टाइल के साथ वापस अपने काम पर लौट जाती हैं.
वीडियो शेयर करते हुए शैफाली ने लिखा कि मेरे लंच ब्रेक में प्रोफेशनल ब्लो-ड्राई शामिल है. Microsoft में काम करने की जिन छोटी-छोटी सुविधाओं को मैं सबसे ज्यादा पसंद करती हूं, उनमें यह भी एक है.
सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, कर्मचारियों का भी ख्याल
शैफाली का कहना है कि Microsoft सिर्फ टेक्नोलॉजी और बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं है. कंपनी कर्मचारियों के वेलनेस प्रोग्राम, सीखने के अवसर, आरामदायक वर्कस्पेस और बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस पर भी ध्यान देती है.
उन्होंने लिखा कि कई बार ऐसी छोटी-छोटी सुविधाएं भी आपको तरोताजा महसूस कराती हैं और यह एहसास दिलाती हैं कि कंपनी अपने कर्मचारियों की परवाह करती है.
देखें वीडियो
VIDEO देखकर लोगों ने कहा-रिज्यूमे कहां भेजें?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा कि अभी मुझे Microsoft में रेफर कर दो. दूसरे ने मजाक में कहा कि रुको... मैं अपना रिज्यूमे भेज रहा हूं. एक अन्य यूजर ने लिखा कि Microsoft, प्लीज मुझे भी नौकरी दे दो.दिलचस्प बात यह रही कि कुछ Microsoft कर्मचारियों ने भी हैरानी जताई.एक यूजर ने पूछा कि यह Microsoft का कौन-सा ऑफिस है? हमारे यहां तो ऐसी सुविधा नहीं है.वहीं एक अन्य यूजर ने दावा किया कि Infosys के कुछ ऑफिस में भी कर्मचारियों को ऐसी सुविधा मिलती है.
क्या हर Microsoft ऑफिस में है यह सुविधा?
फिलहाल Microsoft की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि दुनिया भर के सभी ऑफिस में कर्मचारियों को यह सुविधा दी जाती है. वीडियो में दिखाई गई सुविधा आयरलैंड स्थित Microsoft ऑफिस की बताई जा रही है और यह संभव है कि यह किसी खास लोकेशन या कर्मचारी वेलनेस प्रोग्राम का हिस्सा हो.
हालांकि, इस वीडियो ने एक नई बहस जरूर छेड़ दी है कि क्या भविष्य के ऑफिस सिर्फ काम करने की जगह होंगे या कर्मचारियों के आराम और वेलनेस पर भी उतना ही ध्यान देंगे.