अमेरिका के सिएटल से एक बेहद डराने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को हिला कर रख दिया है. मामला नॉर्थगेट लाइट रेल स्टेशन का है, जहां 19 मार्च 2026 की शाम करीब 6 बजे एक युवक ने प्लेटफॉर्म पर खड़े अजनबी को आती ट्रेन के सामने धकेलने की कोशिश की. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
वीडियो में साफ दिखता है कि पीड़ित व्यक्ति प्लेटफॉर्म के किनारे खड़ा होकर अपने फोन में व्यस्त था. तभी पीछे से एक युवक आता है और ट्रेन के स्टेशन में घुसते ही अचानक उसे जोर से धक्का दे देता है. पहला धक्का इतना तेज था कि वह लड़खड़ा गया और ट्रेन से टकराने ही वाला था, लेकिन किसी तरह उसने खुद को संभाल लिया.
हैरानी की बात ये रही कि आरोपी यहीं नहीं रुका. कुछ ही सेकंड बाद उसने दोबारा धक्का देने की कोशिश की और फिर मौके से भाग निकला. गनीमत रही कि पीड़ित बाल-बाल बच गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.
क्या थी शख्स से दुश्मनी?
अब तक की जांच में यह सामने नहीं आया है कि आरोपी एलिसियो मेलेंडेज और पीड़ित के बीच कोई पुरानी दुश्मनी या जान-पहचान थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे के लिए पूरी तरह अजनबी थे.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान 26 वर्षीय एलिसियो मेलेंडेज के रूप में की है. उस पर सेकेंड-डिग्री मर्डर की कोशिश का केस दर्ज किया गया है. फिलहाल वह हिरासत में है और कोर्ट ने उसकी जमानत 7.5 लाख डॉलर तय की है.
देखें वायरल वीडियो
कोर्ट ने आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच कराने के भी आदेश दिए हैं. बताया जा रहा है कि वह पहले भी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में रह चुका है. साल 2019 में उस पर अपनी बहन पर चाकू से हमला करने का आरोप भी लग चुका है.
वीडियो देख कर लोगों ने क्या कहा
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा और डर दोनों दिख रहा है. कई यूजर्स रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ मानसिक रूप से अस्थिर लोगों की निगरानी को लेकर चिंता जता रहे हैं. अमेरिकी मीडिया ने भी इस घटना को 'टेरिफाइंग मोमेंट' बताते हुए प्रमुखता से कवर किया है.
विशेषज्ञों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े रहते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है, खासकर जब ट्रेन आ रही हो. एक छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है.