देश में IITians की अलग ही प्रतिष्ठा है. उन्हें हमेशा अलग नजरिये से देखा जाता है और उनकी सैलरी पैकेज अक्सर चर्चा में रहते हैं. लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर एक IIT छात्र की इंटर्नशिप स्टाइपेंड ने लोगों को चौंका दिया है.
बेंगलुरु में एक IIT छात्र को मिली इंटर्नशिप इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. वजह है उसका भारी-भरकम स्टाइपेंड. निवेशक और उद्यमी कुश अग्रवाल ने X पर दावा किया कि उनके 22 वर्षीय कजिन को बेंगलुरु में 3 महीने की इंटर्नशिप मिली है, जिसमें उसे हर महीने 3 लाख रुपये दिए जाएंगे. इतना ही नहीं, कंपनी की ओर से होटल में रहने की सुविधा भी दी जाएगी.
कुश अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 22 साल का कजिन, IIT छात्र, बेंगलुरु में 3 महीने की इंटर्नशिप मिली है. 3 लाख रुपये प्रति महीना और होटल में रहने की सुविधा भी. उन्होंने बताया कि यह ऑफर एक अमेरिकी कंपनी की ओर से मिला है, जिसे भारतीय लोग चलाते हैं. हालांकि उन्होंने कंपनी का नाम नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि यह कंपनी साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में काम करती है.
देखें पोस्ट
पोस्ट देखकर लोगों ने क्या कहा
पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स इस बात से हैरान थे कि एक इंटर्न को इतनी बड़ी रकम कैसे मिल सकती है. एक यूजर ने लिखा कि वाह! इंटर्नशिप में 3 लाख रुपये महीना और ऊपर से होटल? यह तो किसी सपने जैसा है.
कुछ लोगों ने इसे टॉप संस्थानों का फायदा बताया. एक यूजर ने कहा कि देश के बड़े संस्थानों में पढ़ने का फायदा साफ दिखाई देता है. वहां से करियर की शुरुआत ही अलग स्तर पर होती है.
वहीं कई लोगों ने मौजूदा नौकरी बाजार और सैलरी असमानता पर भी सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि 22 साल के इंटर्न को 3 लाख रुपये महीना मिल रहे हैं, जबकि अनुभवी कर्मचारी नौकरी से निकाले जा रहे हैं. यह संतुलित नहीं लगता.
एक अन्य यूजर ने टेक इंडस्ट्री और बाकी सेक्टर्स के बीच वेतन अंतर पर तंज कसते हुए लिखा कि टेक कंपनियां 22 साल के इंटर्न पर 3 लाख रुपये महीना खर्च कर देती हैं, लेकिन मार्केटिंग टीम बजट मांगे तो कंपनी खुद को बूटस्ट्रैप बताने लगती है.
कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में अपनी पुरानी जिंदगी से तुलना भी की. एक यूजर ने लिखा कि 22 की उम्र में हम पापा से 200 रुपये अतिरिक्त रिचार्ज के लिए मांगते थे. वहीं दूसरे ने कहा कि हम चाय के पैसे जोड़ रहे थे और भाई कॉरपोरेट K-ड्रामा वाली जिंदगी जी रहा है.