हंगरी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर रखा है. एक 30 साल के शख्स पर आरोप है कि वह कब्रिस्तानों और अस्पतालों से इंसानी अवशेष इकट्ठा करता था. जांच के दौरान जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वहां से जो सामान मिला, उसने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया.
मामला तब सामने आया जब जांच एजेंसियों को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर और कार्यस्थल पर मानव शरीर के अंग और अवशेष छिपाकर रखता है. सूचना मिलने के बाद हंगरी के राष्ट्रीय जांच ब्यूरो की टीम ने 17 जून को राजधानी बुडापेस्ट स्थित उसके घर पर छापा मारा.
घर की तलाशी में मिले चौंकाने वाले अवशेष
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान घर से कई मानव अवशेष बरामद किए गए. अधिकारियों ने बताया कि वहां खोपड़ियां, एक पूरा निचला पैर, एक हाथ और त्वचा की मदद से तैयार किया गया मानव चेहरे का मॉडल मिला. इसके अलावा कई हड्डियां एक सूटकेस में रखी हुई थीं.
जांचकर्ताओं को एक जार भी मिला, जिसमें एक दिल जैसा अंग रखा हुआ था. फिलहाल विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह इंसानी है या किसी जानवर का.
पूछताछ में किया हैरान करने वाला दावा
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मानव शरीर के अंग और अवशेष इकट्ठा करता था. जांच अधिकारियों के अनुसार, उसने दावा किया कि उसे शरीर रचना विज्ञान (एनाटॉमी) और पैथोलॉजी में विशेष रुचि है.
यह भी पढ़ें: सहेली ने प्रेग्नेंट दोस्त को 100 बार चाकू मारा, फिर पेट से निकाल लिया बच्चा
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसका जुनून सिर्फ अवशेष इकट्ठा करने तक सीमित नहीं था. उसने दावा किया कि वह कुछ अवशेषों का इस्तेमाल भोजन तैयार करने में भी करता था. फिर उसे खाता था. हालांकि, पुलिस इस दावे की भी अलग से जांच कर रही है.
अस्पतालों और कब्रिस्तानों से शव लाता था शख्स
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी को कुछ अवशेष उसके अस्पतालों में काम करने के दौरान मिले हो सकते हैं. इसके अलावा उस पर स्लोवाकिया और हंगरी के परित्यक्त कब्रिस्तानों से शवों के अवशेष निकालने का भी संदेह है.
यह भी पढ़ें: शख्स ने एक फ्लैट में पाल रखे थे 300 से ज्यादा अजगर, बिजली बिल से पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, आरोपी को मानव शरीर के अवैध इस्तेमाल के संदेह में हिरासत में लिया गया है. उसके कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त कर लिए गए हैं.
फोरेंसिक जांच से खुलेगा पूरा राज
फिलहाल बरामद सभी अवशेषों को फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजा गया है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये अवशेष कहां से आए और कितने लोगों से जुड़े हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: हनीमून पर गया था कपल, इस एक गलती से हुई पति की मौत, देखती रह गई पत्नी
पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ और भी गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. फिलहाल यह मामला हंगरी में चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच एजेंसियां इसके हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं.