गर्मियों में गन्ने के जूस में आमतौर पर नींबू, अदरक और पुदीना डाला जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में इसके साथ ऐसा एक्सपेरिमेंट किया जा रहा है कि लोग देखकर हैरान रह जा रहे हैं.
दरअसल, एक वीडियो में देखा जा सकता है कि गन्ने का जूस निकाला जा रहा है. मशीन में लंबे-लंबे गन्ने डाले जा रहे हैं, लेकिन अगली ही झलक में नींबू-पुदीना नहीं, बल्कि मटर पनीर डाल दिया जाता है. इसके बाद उसी के साथ जूस निकाला जाता है. हैरानी की बात यह है कि कुछ लोग इस अजीब फ्यूजन को पीते हुए भी नजर आ रहे हैं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो भारत के किस हिस्से का है.
वहीं, एक अन्य वीडियो में गन्ने के जूस के साथ अलग ही प्रयोग किया जा रहा है. इसमें सॉफ्टी आइसक्रीम को गन्ने के साथ मशीन में डालकर जूस तैयार किया जा रहा है, जिससे एक क्रीमी ड्रिंक बनती दिखाई देती है. यह फ्यूजन भी तेजी से वायरल हो रहा है.
देखें मटर-पनीर वाला गन्ने का जूस
अब बात करें लोगों की प्रतिक्रिया की, तो सोशल मीडिया पर यूजर्स इस तरह के प्रयोगों पर मजेदार और तीखी टिप्पणियां कर रहे हैं. कुछ लोग मजाक में कह रहे हैं कि “अब इसमें हार्पिक भी डालकर ट्राई कर लो”, तो कुछ इसे देखकर घिन जताते हुए लिख रहे हैं कि ऐसे वीडियो देखकर उल्टी आ जाए.
गन्ने के रस में सॉफ्टी आइसक्रीम मिला दी
वायरल होने और रील्स बनाने की होड़ में आजकल खाने-पीने की चीजों के साथ सबसे ज्यादा प्रयोग किए जा रहे हैं. व्यूज और लाइक्स पाने के लिए लोग अजीबो-गरीब फूड कॉम्बिनेशन बना रहे हैं, जो कई बार हैरान करने वाले होते हैं, तो कई बार असहज भी कर देते हैं.
कुल मिलाकर, यह वीडियो सोशल मीडिया के उस ट्रेंड को दिखाता है, जहां वायरल होने के लिए लोग किसी भी हद तक एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं चाहे वो कितना ही अजीब क्यों न हो.