राजधानी में लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली पुलिस का एक अनोखा और क्रिएटिव कैंपेन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस बार पुलिस ने सख्त चेतावनी देने के बजाय मजाकिया अंदाज़ अपनाया है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं और साथ ही उससे सीख भी ले रहे हैं. दरअसल, दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ पोस्टर शेयर किए हैं, जिनमें फनी लेकिन गहरी बात छुपी हुई है. इन पोस्टर्स में एक कैरेक्टर के जरिए अलग-अलग मैसेज दिए गए हैं.
एक पोस्ट में लिखा है- दोस्त किसी से भी बैंक OTP शेयर कर देता था, आज अकाउंट ने उसे ही ब्लॉक कर दिया. इस लाइन के जरिए लोगों को साफ संदेश दिया गया है कि OTP जैसी निजी जानकारी किसी से भी शेयर करना खतरनाक हो सकता है और इससे आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है.

'दोस्त बोलता था हेलमेट से हेयरस्टाइल खराब होता है'
दूसरे पोस्ट में लिखा है- दोस्त बोलता था हेलमेट से हेयरस्टाइल खराब होता है… आज हेयरस्टाइल नहीं, सिर ही खराब हो गया. इस मैसेज के जरिए सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया गया है. पुलिस यह बताना चाहती है कि हेलमेट न पहनना सिर्फ स्टाइल का मामला नहीं, बल्कि जान का खतरा है.

एक और पोस्ट में ड्रग्स को लेकर चेतावनी दी गई है- दोस्त रोज गांजा फूंकता था, आज गांजे ने दोस्त को फूंक दिया. यहां पुलिस ने नशे के खतरों को हल्के-फुल्के लेकिन असरदार तरीके से समझाया है कि ये आदत इंसान की जिंदगी बर्बाद कर सकती है.

वहीं चौथे पोस्ट में लिखा है- दोस्त जल्दी पहुंचने के लिए स्पीड में चलता था, आज स्पीड ने दोस्त को कहीं और पहुंचा दिया. इस लाइन के जरिए तेज रफ्तार के खतरों को दिखाया गया है, जो सड़क हादसों का बड़ा कारण बनती है.

लापरवाही से नहीं, समझदारी से जियो.
इन सभी पोस्ट्स के नीचे एक कॉमन मैसेज दिया गया है- मजाक में समझी हुई चीजें कभी-कभी बड़े लाइफ लेसन सिखा जाती हैं. हम भी आपको यही सिखाना चाहते हैं. लापरवाही से नहीं, समझदारी से जियो. यही इस पूरे कैंपेन का सार है. सोशल मीडिया पर यह कैंपेन तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे शेयर कर रहे हैं और कमेंट्स में दिल्ली पुलिस की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि इस तरह के मैसेज ज्यादा असरदार होते हैं क्योंकि ये सीधे दिल और दिमाग पर असर डालते हैं. विशेषज्ञ भी मानते हैं कि जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह का क्रिएटिव और रिलेटेबल कंटेंट ज्यादा प्रभावी होता है. खासकर युवाओं तक पहुंचने के लिए फनी और ट्रेंडिंग स्टाइल में मैसेज देना ज्यादा कारगर साबित होता है.
कुल मिलाकर, दिल्ली पुलिस का यह नया अंदाज न सिर्फ लोगों को पसंद आ रहा है, बल्कि उन्हें जरूरी सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित भी कर रहा है. यह कैंपेन इस बात का अच्छा उदाहरण है कि कैसे गंभीर मुद्दों को भी आसान और दिलचस्प तरीके से समझाया जा सकता है.