सोशल मीडिया पर एक बहुत ही प्यारा और भावुक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेटी अपनी मां को दुबई के मशहूर बुर्ज खलीफा घुमाने ले जाती है. इस छोटे से वीडियो ने लोगों का दिल छू लिया है. इस वीडियो को Binita Karki नाम की यूजर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. इसमें उनकी मां पहली बार दुनिया की सबसे ऊंची इमारत को करीब से देखती नजर आ रही हैं.
बेटी ने किया मां का सपना पूरा
वीडियो में उनकी मां साड़ी पहनकर बुर्ज खलीफा के पास घूमती हुई दिखाई देती हैं. उनके चेहरे पर खुशी और सुकून साफ नजर आता है.वह इस खास पल को पूरी तरह महसूस कर रही हैं. बेटी ने अपनी मां के इस खूबसूरत अनुभव को कैमरे में कैद किया, जिसमें वे दुबई के माहौल का आनंद लेती नजर आती हैं. वीडियो के कैप्शन में महिला ने लिखा- आपकी मां दुनिया के सबसे ऊंचे टावर तक पहुंच गईं और आपने इसे संभव बनाया.
बुर्ज खलीफा क्यों है खास?
बुर्ज खलीफा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है, जिसकी ऊंचाई 828 मीटर से ज्यादा है. हर साल दुनिया भर से लोग इसे देखने आते हैं. यह दुबई का सबसे बड़ा टूरिस्ट आकर्षण है.
लोगों को क्यों पसंद आया वीडियो?
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स काफी भावुक हो गए. एक यूजर ने लिखा- यह दिल को छू लेने वाला वीडियो है. दूसरे ने कहा: “इस वीडियो ने मेरा दिन बना दिया. किसी ने लिखा-आपने अपनी मां को गर्व महसूस कराया. कई लोगों ने बेटी की तारीफ की और कहा कि उसने अपनी मां को एक बहुत खास और यादगार पल दिया.
क्यों है यह वीडियो खास?
यह वीडियो सिर्फ एक ट्रिप का नहीं, बल्कि मां-बेटी के प्यार और सम्मान का प्रतीक है. यह दिखाता है कि माता-पिता के लिए छोटे-छोटे सपने कितने बड़े होते हैं और जब बच्चे उन्हें पूरा करते हैं, तो वह पल बहुत खास बन जाता है. यह भावुक वीडियो हमें यह सिखाता है कि अगर हम अपने माता-पिता के लिए कुछ खास करें, तो वह उनके लिए जिंदगी का सबसे यादगार पल बन सकता है. एक छोटी सी कोशिश भी उनके चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है.