अर्जेंटीना में इन दिनों एक अजीब ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है. यहां कुछ युवा खुद को मानसिक या आध्यात्मिक रूप से किसी जानवर से जुड़ा हुआ मानते हैं. ऐसे लोगों को “थेरियन” कहा जाता है. हाल ही में ब्यूनस आयर्स के एक पार्क में ऐसे यंगस्टर का जमावड़ा हुआ. कुछ ने कुत्ते, बिल्ली या लोमड़ी के मास्क पहने थे. एक लड़की कुत्ते का मुखौटा लगाकर चारों पैरों पर दौड़ रही थी, तो दूसरी ने बेल्जियन नस्ल के कुत्ते की तरह उछल-कूद की.
वायरल ट्रेंड पर लोगों की प्रतिक्रिया
ब्यूनस आयर्स का एक चौक उस समय जंगल जैसा नजर आया, जब कई किशोर कुत्ते, बिल्ली और लोमड़ी के रूप में तैयार होकर वहां इकट्ठा हुए. ये खुद को “थेरियन” कहते हैं. कुछ बच्चे दौड़ते दिखे, तो कुछ पेड़ों पर बैठकर जानवरों जैसी हरकतें कर रहे थे. यह ट्रेंड अर्जेंटीना के टिक टॉक पर तेजी से वायरल हो गया है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं. देशभर में इसे लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. किसी को यह मजेदार लग रहा है तो कोई हैरान है.
टिक टॉक पर तेजी से वायरल हो रहा ट्रेंड
यह ट्रेंड सोशल मीडिया, खासकर टिक टॉक पर तेजी से वायरल हो रहा है. #therian हैशटैग के साथ लाखों पोस्ट शेयर किए जा चुके हैं. अर्जेंटीना इस ट्रेंड में लैटिन अमेरिका के दूसरे देशों से आगे बताया जा रहा है. कुछ लोग इसे मजेदार और अलग तरह की पहचान मानते हैं, तो कुछ हैरानी या गुस्से से भी देख रहे हैं. कई मनोवैज्ञानिक भी इस पर अपनी राय दे रहे हैं.
क्या माता-पिता को चिंता करनी चाहिए?
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह सिर्फ प्रतीकात्मक पहचान या मजे के लिए है, तो यह चिंता की बात नहीं है. लेकिन अगर कोई व्यक्ति खुद को पूरी तरह जानवर मानने लगे और इससे उसे या दूसरों को नुकसान पहुंचने का खतरा हो, तो यह चिंता का विषय बन सकता है. कुल मिलाकर, अर्जेंटीना में यह ट्रेंड युवाओं के लिए एक नया समुदाय और खुद को अलग तरीके से व्यक्त करने का जरिया बन गया है.