धोनी की तरह उनका बल्ला भी बेहद खास हो गया है. जिस बल्ले से धोनी ने वर्ल्डकप का आखिरी मैच खेल कर टीम को विश्वविजेता बनाया उसकी नीलामी की गई, और धोनी का ये बल्ला दुनिया का सबसे महंगा बल्ला बन गया.
जिस बल्ले ने 28 साल बाद भारत को वर्ल्डकप का सरताज बनाया, जिस बल्ले ने टीम इंडिया को विश्वविजेता बनाया, जिस बल्ले ने धोनी को अब तक का सबसे लकी कप्तान साबित किया. वो बल्ला बन गया है दुनिया का सबसे महंगा बल्ला. धोनी के इस करामाती बल्ले की निलामी हुई और हजारों का ये बल्ला लाखों में नीलाम हुआ.
करामाती कप्तान धोनी के बल्ले की नीलामी हुई लंदन के एक 5 सितारा होटल में. विश्वविजेता टीम के कप्तान के बल्ले की बोली हजार पाउंड से शुरू हुई. लेकिन क्रिकेट के दीवानों की यहां भी कमी नहीं थी. धोनी के बल्ले के खरीदार इसकी एहमियत बखूबी जानते थे तभी तो एक लाख पाउंड में नीलाम हुआ धोनी का बल्ला.
धोनी के बल्ले का कारनामा जितना ऐतहासिक है, उतनी ही ऐतिहासिक रही इसकी नीलामी. वर्ल्डकप 2011 में ये बल्ला तभी बेशकीमती हो गया था जब धोनी ने इससे खेलते हुए 79 गेंदों में 91 रनों की पारी की बदौलत भारत को विश्व विजेता बना दिया. अब करीब 72 लाख में नीलाम होने के बाद ये बल्ला एक नए घर में नए मालिक का गुरूर बन चुका है.