सई ताम्हणकर (Sai Tamhankar) एकअभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से मराठी और हिंदी फिल्मों में काम करती हैं. उनका जन्म 25 जून 1986 को महाराष्ट्र के सांगली में हुआ था. सई ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी. उन्होंने 2003 में मराठी सीरियल तुझ्याविना से काम शुरू किया और बाद में या गोजिरवाण्या घरात से पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने कस्तूरी और अनुबंध जैसे हिंदी और मराठी टीवी सीरियल में भी काम किया.
सई ने 2008 में ब्लैक एंड व्हाइट और गजनी जैसी हिंदी फिल्मों में छोटे रोल से फिल्मी करियर शुरू किया. इसी साल उन्होंने मराठी फिल्म सनाई चौघडे में काम किया. इसके बाद रीटा और अजब लग्नाची गजब गोष्ट जैसी फिल्मों में उनके काम को पसंद किया गया.
सई ताम्हणकर के करियर में 2013 की फिल्म दुनियादारी को अहम मोड़ माना जाता है. इसमें उन्होंने शिरीन का किरदार निभाया था. इस भूमिका के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले. इसके बाद क्लासमेट्स, हंटर्र, फैमिली कट्टा और वजानदार जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए.
हिंदी सिनेमा में सई को 2018 की फिल्म लव सोनिया से ज्यादा पहचान मिली. इसके बाद मिमी में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली. फिल्म में उन्होंने मुख्य किरदार की मुस्लिम दोस्त का रोल निभाया था. इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर और आईफा जैसे पुरस्कार मिले.
सई ने फिल्मों के साथ वेब सीरीज में भी काम किया है. पेट पुराण, मनवत मर्डर्स और 2026 की मटका किंग उनके चर्चित प्रोजेक्ट्स में शामिल हैं. पोंडिचेरी में उनके अभिनय को भी आलोचकों ने पसंद किया.
सई ताम्हणकर अभिनय के अलावा टीवी रियलिटी शो से भी जुड़ी रही हैं. उन्होंने फू बाई फू के दूसरे सीजन को होस्ट किया और 2018 से महाराष्ट्राची हास्यजत्रा में जज की भूमिका निभा रही हैं. वह कुश्ती टीम कोल्हापुरी मावळे की मालिक भी हैं.
सई ताम्हणकर का करियर मराठी मनोरंजन जगत से शुरू होकर हिंदी फिल्मों और ओटीटी तक पहुंचा है. अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की वजह से उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है.
बहुत कम लोग जानते हैं कि हंटर में बोल्ड रोल सई ने जिद करके हासिल किया था. पहले उन्हें इस रोल के लिए रिजेक्ट कर दिया कर दिया गया था. लेकिन उन्होंने किसी तरह इसे हासिल कर लिया.