गिरिजा ओक गोडबोले एक अभिनेत्री हैं, जो मराठी और हिंदी सिनेमा में अभिनय करती हैं. कई फिल्मों, टेलीविजन, रंगमंच और वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं. वह अभिनेता गिरीश ओक की बेटी हैं. अभिनय की दुनिया से जुड़े परिवार में पली-बढ़ी गिरिजा ने कम उम्र में ही अभिनय की शुरुआत कर दी थी.
हिंदी सिनेमा में उन्हें मुख्य रूप से 'तारे जमीन पर' (2007), 'शोर इन द सिटी' (2010) और 'जवान' (2023) में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है.
गिरिजा ओक ने करीब 15 वर्ष की उम्र में बड़े पर्दे पर कदम रखा. उनकी शुरुआती फिल्मों में गोष्ट छोटी डोंगराएवढी, गुलमोहर, मानिनी और अडगुले मडगुले शामिल हैं. मराठी फिल्मों के साथ उन्होंने टेलीविजन और रंगमंच पर भी अपनी पहचान बनाई.
टेलीविजन के क्षेत्र में गिरिजा ओक का पहला प्रमुख मराठी धारावाहिक 'लज्जा' था. इसका प्रसारण जी मराठी पर हुआ था. इस धारावाहिक में उन्होंने मानसविनी देसाई यानी मनु का किरदार निभाया. इसके अलावा वह कई मराठी नाटकों में भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आईं.
साल 2018 में गिरिजा ओक ने शॉर्ट फिल्म क्वार्टर से लघु फिल्म के क्षेत्र में कदम रखा. इस फिल्म का निर्देशन नवज्योत बंदीवाडेकर ने किया था. फिल्म का प्रदर्शन 71वें कान्स फिल्म फेस्टिवल के कोर्ट मेत्राज शॉर्ट फिल्म कॉर्नर में हुआ था. इसके बाद फिल्म को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी दिखाया गया. क्वार्टर के लिए गिरिजा को यूरोपियन सिनेमैटोग्राफी अवॉर्ड्स 2018 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. उन्हें मैवरिक मूवी अवॉर्ड्स 2018 में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय अभिनेत्री की श्रेणी में नामांकन भी मिला.
गिरिजा ओक ने हिंदी टेलीविजन में भी काम किया. उन्होंने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के धारावाहिक 'लेडीज स्पेशल' के दूसरे सीजन में मुख्य भूमिका निभाई. इसके अलावा वह सिंगिंग स्टार नाम के गायन प्रतियोगिता कार्यक्रम में फाइनलिस्ट भी रही हैं.
2020 के दशक में गिरिजा ने हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज में काम जारी रखा. साल 2023 में वह जवान और द वैक्सीन वॉर जैसी फिल्मों में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने परफेक्ट फैमिली और 13th: सम लेसन्स आरन्ट टॉट इन क्लासरूम्स जैसी वेब सीरीज में काम किया. साल 2026 में कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' फिल्म में भी नजर आईं.
गिरिजा ओक ने मुंबई के ठाकुर कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स से बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की है. उन्होंने थिएटर वर्कशॉप में हिस्सा लेने के बाद विज्ञापनों में भी काम किया. उनकी शादी सुहृद गोडबोले से हुई है. मराठी अभिनेता, संवाद लेखक और फिल्म निर्माता श्रीरंग गोडबोले ससुर हैं.
गिरिजा पिछले दो दशक से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा हैं. कुछ वक्त पहले गिरिजा की इंटरनेट पर बोल्ड तस्वीरें सामने आई थीं.