दीपक डोबरियाल (Deepak Dobriyal) भारतीय फिल्म और थिएटर अभिनेता हैं. उनका जन्म 1 सितंबर 1975 को उत्तर प्रदेश के पौड़ी गढ़वाल जिले (वर्तमान उत्तराखंड) में हुआ था. उनका पैतृक संबंध पौड़ी गढ़वाल के कबरा और सतपुली क्षेत्र से है. जब दीपक करीब पांच साल के थे, तब उनका परिवार दिल्ली आकर बस गया. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेगमपुर से पूरी की. उस समय उनका परिवार कटवारिया सराय इलाके में रहता था। उनकी पत्नी का नाम लारा भल्ला है.
दीपक डोबरियाल ने अभिनय की शुरुआत वर्ष 1994 में थिएटर से की. उन्होंने रंगकर्मी और निर्देशक अरविंद गौड़ के साथ अस्मिता थिएटर ग्रुप में काम किया. इस दौरान उन्होंने तुगलक, अंधा युग, कोर्ट मार्शल, फाइनल सॉल्यूशंस, रक्त कल्याण, द कॉकेशियन चॉक सर्कल, द गुड पर्सन ऑफ सेचवान और अन्य कई नाटकों में अभिनय किया. लगभग छह साल तक थिएटर से जुड़े रहने के बाद वह निर्देशक पंडित एन. के. शर्मा के थिएटर ग्रुप एक्ट वन से भी जुड़े, जहां उन्होंने कई मंच प्रस्तुतियों का हिस्सा बनकर अभिनय जारी रखा.
फिल्मों में दीपक डोबरियाल ने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई. वर्ष 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'ओमकारा' के बाद उन्हें व्यापक पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने 'शौर्य', 'तनु वेड्स मनु', 'दबंग 2', 'चोर चोर सुपर चोर', 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स', 'प्रेम रतन धन पायो', 'हिंदी मीडियम' और 'अंग्रेजी मीडियम' जैसी फिल्मों में काम किया. इन फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए.
दीपक डोबरियाल ने फिल्मों के अलावा संगीत वीडियो में भी काम किया है. वह अदनान सामी के लोकप्रिय गीत 'लिफ्ट करादे (रीमिक्स)' के वीडियो में भी दिखाई दिए थे, जिसमें उन्होंने एक छोटा किरदार निभाया था.
उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार, फिल्मफेयर मराठी पुरस्कार और महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.
विक्रांत मैसी की साल 2024 में एक फिल्म सेक्टर 36 आई थी, जिसकी कहानी मशहूर निठारी कांड पर आधारित थी. इसमें एक्टर ने सुरेंद्र कोली का रोल प्ले किया था, जिसमें उनकी जमकर तारीफ हुई थी.