scorecardresearch
 
Advertisement

अजंता नियोग

अजंता नियोग

अजंता नियोग

अजंता नियोग (Ajanta Neog) असम की राजनीति का एक बड़ा और जाना-पहचाना नाम हैं. असम विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए की जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ग्रहण की. हिमंता बिस्वा सरमा सरकार के दूसरे कार्यकाल में अजंता नियोग ने मंत्री पद की शपथ ली. वह इस समय असम सरकार में वित्त मंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री के रूप में काम कर रही हैं.

मई 2021 में उन्होंने इतिहास रचा, जब वह असम की पहली महिला वित्त मंत्री बनीं. इसके अलावा, वह असम की सबसे लंबे समय तक लगातार विधायक रहने वाली महिला नेता भी मानी जाती हैं.

अजंता नियोग का जन्म 1964 में गुवाहाटी में हुआ था. उनकी मां रेबती दास भी राजनीति में सक्रिय थीं और असम विधानसभा की सदस्य रह चुकी थीं. पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से MA, LLB और LLM की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक गुवाहाटी हाईकोर्ट में वकील के रूप में भी काम किया.

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की. साल 2001 में वह पहली बार गोलाघाट विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं. इसके बाद उन्होंने लगातार 2006, 2011, 2016, 2021 और 2026 के चुनाव भी जीते. यानी वह गोलाघाट सीट से लगातार पांच बार विधायक बनीं, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है.

कांग्रेस सरकार के दौरान अजंता नियोग ने लोक निर्माण विभाग (PWD), शहरी विकास, आवास और योजना एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले. उनके कार्यकाल में असम में सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काफी काम हुआ. 2015 में असम को “Best Infrastructure Development State” का सम्मान भी मिला था.

दिसंबर 2020 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजपी जॉइन कर ली. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस जनता से कट चुकी है और असम के लोगों के हितों की रक्षा के लिए उन्होंने बीजेपी का साथ चुना. बीजेपी में आने के बाद भी उनकी लोकप्रियता बनी रही और 2021 का चुनाव उन्होंने फिर जीत लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की कैबिनेट में उन्हें वित्त मंत्री बनाया गया.

उनकी निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है. उनके पति नगेन नियोग, जो खुद भी मंत्री थे, 1996 में उग्रवादी संगठन ULFA के हमले में मारे गए थे. इसके बावजूद अजंता नियोग ने हिम्मत नहीं हारी और राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई. आज वह असम की सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं में गिनी जाती हैं.

और पढ़ें

अजंता नियोग न्यूज़

Advertisement
Advertisement