IPL Mega Auction: आईपीएल 2021 के क्वालिफायर-2 में दिल्ली कैपिटल्स का सफर खत्म हो गया और इसी के साथ आईपीएल की ट्रॉफी जीतने का ख्वाब भी टूट गया. अब अगले सीजन में दिल्ली की टीम कुछ कमाल करना चाहेगी, लेकिन इस बार मेगा ऑक्शन होने की वजह से अधिकतर खिलाड़ी ऑक्शन में जाएंगे. दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोटिंग ने मेगा ऑक्शन को लेकर अपना प्लान बताया है.
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के बाद रिकी पोटिंग ने कहा कि वो तो चाहते हैं हर किसी को रिटेन कर लें. हमारी टीम में बेहतरीन प्लेयर हैं, स्टाफ ने भी पिछले 2-3 साल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. हम सिर्फ इस मैच में बेहतर नहीं कर पाएं हैं, लेकिन हम सिर्फ कुछ खिलाड़ियों को ही रिटेन कर पाएंगे.
रिकी पोटिंग का कहना है कि ऑक्शन में वो पूरी कोशिश करेंगे कि इस ग्रुप के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को वापस लाया जा सके. ताकि कोर ग्रुप को बरकरार रखा जाए, क्योंकि हमारा सफर काफी शानदार रहा है.
लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है दिल्ली
आपको बता दें कि पिछले तीन सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया गया है. 2019 में क्वालिफायर-2, 2020 में फाइनल और 2021 में क्वालिफायर-2 तक पहुंचकर दिल्ली ने अपने खेल को बरकरार रखा है, हालांकि वह कोई ट्रॉफी नहीं जीत पाई है.
इस बार भी दिल्ली की टीम प्वाइंट टेबल में टॉप पॉजिशन पर रही थी. लेकिन क्वालिफायर-1 में पहले चेन्नई सुपर किंग्स और बाद में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली को हरा दिया. ऋषभ पंत की कप्तानी में इसी के साथ दिल्ली की टीम के इस सफर का अंत हुआ.
गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं और अपनी टीम के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है. इनमें ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, आवेश खान, रविचंद्रन अश्विन, पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, अक्षर पटेल जैसे बड़े नाम शामिल हैं.