टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पूर्व दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी के वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है. धोनी ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए खास तौर पर गंभीर की तारीफ की थी और कहा था कि उनकी मुस्कान उन पर खूब जंचती है और उनकी इंटेंसिटी के साथ यह एक “किलर कॉम्बो” है.
दरअसल, रविवार को अहमदाबाद में टीम इंडिया के चैम्पियन बनने के बाद धोनी ने सोशल मीडिया पर लंबे समय बाद पोस्ट किया था. उस पोस्ट में उन्होंने भारतीय टीम की जमकर तारीफ की और गंभीर के लिए खास मैसेज भी लिखा.
धोनी को लेकर क्या बोले गंभीर
इस पर ANI से बात करते हुए गंभीर ने धोनी को धन्यवाद कहा. लेकिन उन्होंने यह भी माना कि इंटरनेशनल मैच के दौरान चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना हमेशा आसान नहीं होता. गंभीर ने कहा कि जब आप डगआउट में बैठे होते हैं तो बहुत कुछ दांव पर लगा होता है. भारत में टीम से हमेशा बड़ी उम्मीदें रहती हैं और ऐसे में कई बार चाहकर भी हंसना या मुस्कुराना मुश्किल हो जाता है.
यह भी पढ़ें: अब कोच गंभीर ने TMC सांसद को दिया तीखा जवाब, वर्ल्ड कप ट्रॉफी को हनुमान मंदिर ले जाने पर उठाए थे सवाल
उन्होंने कहा कि भारत में हार को अक्सर विकल्प ही नहीं माना जाता. जबकि खेल में हार भी हो सकती है. अगर हारना सच में विकल्प नहीं होता तो भारत हर वर्ल्ड कप जीत चुका होता, लेकिन खेल ऐसा नहीं चलता. गंभीर ने आगे कहा कि खेल एक ऐसा क्षेत्र है जहां मेहनत करने के बाद भी सफलता की कोई गारंटी नहीं होती. यह शेयर मार्केट या इक्विटी की तरह नहीं है कि निवेश किया और तय रिटर्न मिल जाएगा.
उनके मुताबिक खिलाड़ी डेढ़ साल तक कड़ी मेहनत करते हैं और सब कुछ दांव पर लगा देते हैं, लेकिन फिर भी यह पक्का नहीं होता कि वर्ल्ड कप जीत ही जाएंगे. अगर टीम सेमीफाइनल में भी हार जाती तो इतनी मेहनत के बाद भी रिजल्ट लगभग शून्य होता.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पिता का एक मैसेज और छा गए अभिषेक शर्मा, खेली करियर की सबसे बेस्ट पारी
हालांकि गंभीर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद वह अगले कुछ महीनों तक आराम से मुस्कुरा सकते हैं.