टी20 मुंबई लीग 2026 का फाइनल 13 जून (शनिवार) को MSC मराठा रॉयल्स और ARCS अंधेरी के बीच खेला गया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस खिताबी मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने 8 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने 5 विकेट पर 154 रन बनाए. जवाब में अंधेरी की टीम 8 विकेट पर 146 रन ही बना सकी.
खिताबी मुकाबले में उस समय माहौल गरमा गया, जब मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हो गई. मैच के दौरान हुई इस नोकझोंक ने कुछ देर के लिए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. पूरा वाकया अंधेरी की पारी के 19वें ओवर में हुआ. उस ओवर में इरफान उमैर की गेंद पर गौरव जठार ने छक्का लगाकर मैच में रोमांच भर दिया. हालांकि इरफान ने उसी ओवर में गौरव को आउट भी कर दिया.
मराठा रॉयल्स की टीम जहां इस विकेट का जश्न मना रही थी, वहीं गौरव जठार काफी निराश थे. डगआउट में लौटने समय गौरव जठार की तुषार देशपांडे से कहासुनी हो गई. मैदान पर तनाव का माहौल बन गया और अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा, हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और खेल दोबारा शुरू हुआ.
मुकाबले में सभी की निगाहें तुषार देशपांडे पर थीं. तुषार देशपांडे ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने दिव्यांश सक्सेना और शिवम दुबे को पवेलियन भेजकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी. तुषार देशपांडे ने अपने स्पेल में 33 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक गेंदबाजी के सामने विपक्षी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके. यही वजह रही कि मराठा रॉयल्स ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी.
फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले तुषार देशपांडे पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में नजर आए. उन्होंने कुल 12 विकेट हासिल किए और 6.6 की शानदार इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी की. उनके इसी दमदार प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे सफल गेंदबाज बनाया और पर्पल कैप भी तुषार को हासिल हुआ.
मैच के बाद तुषार देशपांडे ने मुंबई क्रिकेट की मजबूत बेंच स्ट्रेंथ की तारीफ की, उन्होंने कहा कि मुंबई क्रिकेट लगातार ऐसे खिलाड़ी तैयार कर रहा है जो बड़े मंच पर भी बिना किसी दबाव के प्रदर्शन कर सकते हैं. तुषार देशपांडे ने कहा, 'यह मुंबई क्रिकेट की गहराई को दिखाता है. क्लब स्तर से आने वाले खिलाड़ी भी बड़ी भीड़ के सामने खेलने से नहीं घबराते. यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है.'