भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना आज अपना 30वां जन्मदिन मना रही हैं. भारत में महिला क्रिकेट की पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ रही है. हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना मौजूदा समय में भारतीय महिला क्रिकेट की बैकबोन हैं. इतिहास में पहली बार भारतीय महिला टीम पिछली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी. वर्ल्ड चैम्पियन बनने के बाद भारतीय महिला खिलाड़ियों से फैन्स की उम्मीदें और अधिक बढ़ गई है.
जेमिमा रोड्रिग्स ने शेयर की तस्वीरें
स्मृति मंधाना को जन्मदिन के मौके पर दुनियाभर से बधाइयां मिल रही हैं. मंधाना की पक्की दोस्त और टीम इंडिया की साथी खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने भी उन्हें लेकर एक प्यारा सा पोस्ट शेयर किया. जेमिमा रोड्रिग्स का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जेमिमा रोड्रिग्स ने स्मृति के साथ अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए दिल की बात कही है.
जेमिमा ने मंधाना को बताया बूढ़ी?
जेमिमा रोड्रिग्स ने पोस्ट में लिखा कि मेरे सबसे खराब दौर में मुझे प्यार करने से लेकर, मेरी सबसे बड़ी कामयाबी पर मुझे गले लगाने के लिए सबसे तेज दौड़ने तक... मैं बस यही कह सकती हूं कि मैं तुम्हें अपनी जिंदगी में पाकर बहुत आभारी हूं. रन, ट्रॉफियां और तारीफें आती-जाती रहेंगी, लेकिन जो हमेशा रहेगा, वह है हमारा एक-दूसरे के लिए प्यार और परवाह. मेरी (अब बूढ़ी हो चुकी) बड़ी बहन को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं! मैं तुम्हें पूरे दिल से प्यार करती हूं.
लॉर्ड्स टेस्ट में चमकीं दोनों खिलाड़ी
स्मृति मंधाना ने हाल ही में क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वह इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए इकलौते टेस्ट मैच के दौरान 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सबसे युवा महिला क्रिकेटर बनीं. इस मैच में भारत को जीत दिलाने में स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स का खास योगदान रहा है.
स्मृति मंधाना के बल्ले से निकले थे रन
मैच की बात करें तो स्मृति मंधाना ने पहली पारी में शानदार 83 रन बनाए और दूसरी पारी में भी बेहतरीन अर्धशतक जड़ा. दूसरी तरफ भारत के दो शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाने के बाद जेमिमा ने 35 रनों की अहम पारी खेली और स्मृति के साथ मिलकर टीम को संभाला.
मंधाना के लिए छोड़ा था टूर्नामेंट
संगीतकार पलाश मुच्छल के साथ स्मृति मंधाना की शादी टूटने के बाद जेमिमा ने बीच में ही विमेंस बिग बैश लीग को छोड़ दिया था. इस मुश्किल समय में वह स्मृति मंधाना का साथ देने के लिए ऑस्ट्रेलिया से वापस भारत लौट आईं थी.