इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ऑक्शन सिस्टम पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि ऑक्शन सिस्टम को खत्म कर ड्राफ्ट सिस्टम लागू किया जाए.
'खिलाड़ियों को सामान की तरह बेचना सही नहीं'
दो बार IPL चैंपियन रह चुके उथप्पा का मानना है कि शुरुआती दौर में ऑक्शन सिस्टम जरूरी था, लेकिन अब यह समय के साथ पुराना हो गया है. उथप्पा ने कहा, अब हमें क्रिकेट में ऑक्शन सिस्टम बंद कर देना चाहिए. पहले यह जरूरी था ताकि लीग को पहचान मिले, लेकिन अब खिलाड़ियों को सामान की तरह बेचने का तरीका सही नहीं लगता.
अमेरिकी खेलों जैसा सिस्टम लाने की मांग
उथप्पा ने सुझाव दिया कि IPL में भी अमेरिकी लीग्स की तरह ड्राफ्ट सिस्टम लागू किया जाना चाहिए.
* ड्राफ्ट सिस्टम में टीमें एक तय क्रम में खिलाड़ियों को चुनती हैं
* इससे टीमों के बीच संतुलन बना रहता है
* पैसे की ताकत कम असर डालती है.
वहीं IPL का मौजूदा ऑक्शन सिस्टम पूरी तरह बोली (बिडिंग) पर आधारित है, जहां ज्यादा पैसे वाली टीमें मजबूत स्क्वॉड बना लेती हैं.
“एंटरटेनमेंट की भी एक सीमा होती है”
उथप्पा ने कहा कि ऑक्शन लोगों को मनोरंजन तो देता है, लेकिन इसकी भी एक सीमा है. उन्होंने कहा, हम सिर्फ मनोरंजन के लिए इसे जारी रखे हुए हैं, लेकिन अब यह सीमा पार करता दिख रहा है. हमें खिलाड़ियों के सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए. उथप्पा के इस बयान के बाद कई तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है. कुछ लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस मांग के खिलाफ हैं.
यह भी पढ़ें: '60 साल तक खेल सकता हूं' धोनी ने IPL से संन्यास का प्लान कर दिया रिवील, VIDEO
बता दें कि जैसे-जैसे IPL दुनिया की सबसे बड़ी T20 लीग बन रही है, वैसे-वैसे इसके सिस्टम में बदलाव की मांग भी तेज होती जा रही है.