शनिवार (28 मार्च) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार खिलाड़ी फिल साल्ट ने अपनी फील्डिंग से महफिल लूट ली. बल्लेबाजी से ज्यादा साल्ट ने इस मुकाबले में फील्डिंग के जरिए ऐसी छाप छोड़ी, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की पारी की दिशा ही बदल दी.
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन शानदार लय में नजर आ रहे थे. उन्होंने 37 गेंदों में 80 रन बना दिए थे और ऐसा लग रहा था कि वह सीजन के पहले ही मैच में शतक जड़ देंगे. ईशान ने अपनी पारी में 8 चौके और 5 छक्के लगाए और आरसीबी के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा.
यह भी पढ़ें: RCB-SRH मैच में गरमाया माहौल... कैच को लेकर अंपायर से भिड़ गए हेनरिक क्लासेन
लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के निर्णायक मोड़ पर फिल साल्ट ने कमाल कर दिया. 16 ओवर में अभिनंदन सिंह की आखिरी गेंद पर ईशान किशन ने बाउंड्री की तरफ हवाई शॉट खेलने की कोशिश की. शॉट की टाइमिंग सही नहीं रही और प्वाइंट पर खड़े साल्ट तेजी से अपनी दाईं ओर भागे और फुल स्ट्रेच करते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया. यह कैच इतना बेहतरीन था कि इसे इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ कैचों में गिना जा सकता है.
फिल साल्ट का असर सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहा. इससे पहले भी उन्होंने हेनरिक क्लासेन का एक बेहद अहम कैच पकड़ा था, जिस पर विवाद खड़ा हो गया. बाउंड्री के पास मिडविकेट क्षेत्र में साल्ट ने गेंद को कब्जे में तो किया, लेकिन कैच पूरा करते वक्त वो जमीन पर गिरे.
क्लासेन आउट थे या नॉटआउट?
इस दौरान शक पैदा हुआ कि कहीं उनका संपर्क बाउंड्री कुशन से तो नहीं हुआ. ऑन-फील्ड अंपायरों ने फैसला तीसरे अंपायर के पास भेजा. रिप्ले में मामला काफी करीबी नजर आया, लेकिन थर्ड अंपायर ने कैच को क्लीन करार दिया. इस फैसले से हेनरिक क्लासेन नाखुश दिखे और निराश होकर पवेलियन लौट गए.
ईशान किशन की शानदार बैटिंग ने सनराइजर्स हैदराबाद के स्कोर की रीढ़ रही. उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रन जोड़े और शुरुआती झटकों के बाद टीम को संभाला. हालांकि जैकब डफी के अच्छे स्पेल और साल्ट की शानदार फील्डिंग ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मैच में लगातार बनाए रखा. ईशान के आउट होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई. एक समय टीम बहुत बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन आखिर में वह 9 विकेट पर 201 रन ही बना सकी.