scorecardresearch
 

फर्जी आरोपों से तिलमिलाया ये पाकिस्तानी क्रिकेटर... स्थानीय न्यूज चैनल को भेजा लीगल नोटिस

पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 राउंड में ही बाहर हो गई थी. तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा भी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे. सलमान मिर्जा ने अब एक पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट के खिलाफ एक्शन लिया है.

Advertisement
X
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा. (Photo: AP)
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा. (Photo: AP)

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने एक स्थानीय न्यूज आउटलेट के खिलाफ कानूनी नोटिस जारी किया है. सलमान मिर्जा का आरोप है कि चैनल ने उनके बारे में झूठी और मानहानिकारक खबर प्रसारित की, जिससे उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है.

दरअसल, संबंधित रिपोर्ट में दावा किया गया था कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सलमान मिर्जा ने श्रीलंका में एक होटल स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार किया था. खबर में यह भी कहा गया था कि होटल स्टाफ ने इस मामले की शिकायत टीम मैनेजमेंट से की थी. रिपोर्ट में आगे यह भी कहा गया था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आचार संहिता के उल्लंघन के कारण सलमान मिर्जा पर जुर्माना लगाया था.

पीसीबी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बयान जारी कर इन खबरों को दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और पूरी तरह बेबुनियाद बताया. अब सलमान मिर्जा ने न्यूज आउटलेट के खिलाफ एक्शन लिया है. सलमान के कानूनी नोटिस में कहा गया है कि पीसीबी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी और ना ही सलमान पर किसी प्रकार का जुर्माना लगाया गया.

Advertisement

सलमान मिर्जा के वकीलों ने नोटिस में कहा कि संबंधित मीडिया संस्थान और रिपोर्टर ने बिना तथ्य जांचे और पुष्टि किए खबर प्रसारित कर दी. उनका आरोप है कि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग से ना केवल खिलाड़ी की व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचा है, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम और बोर्ड की प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ा है.

कानूनी नोटिस में कहा गया है कि इस रिपोर्ट ने सलमान मिर्जा को असम्मानजनक और गैर-पेशेवर खिलाड़ी के रूप में पेश किया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को सार्वजनिक रूप से ठेस पहुंची है. नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि मीडिया संस्थान ने दुर्भावनापूर्ण इरादे से अपुष्ट जानकारी प्रकाशित की, जो पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ है.

32 वर्षीय सलमान मिर्जा ने कहा कि उन्होंने अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए यह कानूनी कदम उठाया है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सलमान ने अब तक पाकिस्तान के लिए 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम पर 16.13 की औसत से 23 विकेट दर्ज हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement