scorecardresearch
 

CSK के मैच से पहले रांची लौटे धोनी... क्या यही था माही का आखिरी IPL?

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की जंग के बीच महेंद्र सिंह धोनी रांची लौट गए हैं. अंगूठे की चोट के कारण वह गुरुवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 'करो या मरो' मुकाबले में उपलब्ध नहीं होंगे. चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सिर्फ जीत नहीं, बल्कि कई टीमों की हार और बड़े नेट रन रेट की भी जरूरत है. हालांकि, अगर CSK किसी तरह क्वालिफाई करती है, तो धोनी के वापसी करने की उम्मीद अब भी जिंदा है.

Advertisement
X
क्या अब कभी पीली जर्सी में नहीं दिखेंगे धोनी? (Photo, PTI)
क्या अब कभी पीली जर्सी में नहीं दिखेंगे धोनी? (Photo, PTI)

चेन्नई की पीली जर्सी इस वक्त उम्मीद, बेचैनी और चमत्कार... तीनों के बीच झूल रही है. एक तरफ प्लेऑफ की उम्मीद धागे से लटकी हुई है, दूसरी तरफ उस टीम का सबसे बड़ा चेहरा अचानक रांची लौट गया है.

IPL 2026 में अब तक मैदान पर एक भी मैच नहीं खेलने वाले  महेंद्र सिंह धोनी फिर चर्चा के केंद्र में हैं. वजह सिर्फ उनकी गैरमौजूदगी नहीं, बल्कि वह संभावना है जो हर CSK फैन को अब भी जिंदा रखे हुए है- 'अगर टीम प्लेऑफ में पहुंच गई, तो माही लौट आएंगे.'

रिपोर्ट्स के मुताबिक अंगूठे की चोट से जूझ रहे धोनी फिलहाल रांची वापस चले गए हैं और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 'करो या मरो' मुकाबले में टीम के साथ नहीं होंगे. शुरुआत में वह पिंडली (calf) की चोट की वजह से पूरे सीजन बाहर रहे, लेकिन जब वापसी की उम्मीद जगी, तब अंगूठे की नई चोट ने कहानी को और नाटकीय बना दिया.

CSK के सामने पहाड़ जैसा समीकरण

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं है. टीम 13 मैचों में 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है. अब उन्हें Gujarat Titans को बड़े अंतर से हराना होगा. साथ ही दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की हार की भी दुआ करनी होगी.

Advertisement

यानि CSK अब सिर्फ क्रिकेट नहीं खेल रही, बल्कि गणित, किस्मत और चमत्कार- तीनों से लड़ रही है.

'धोनी टीम के साथ नहीं हैं...'

चेन्नई के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने अहमदाबाद में प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धोनी की अनुपस्थिति की पुष्टि कर दी. उन्होंने कहा कि धोनी का अंगूठा अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है. हालांकि रिकवरी अच्छी चल रही है, लेकिन वह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. अगर CSK किसी तरह प्लेऑफ में पहुंचती है, तो उनके लौटने की उम्मीद है.

यही एक लाइन पूरे IPL में आग की तरह फैल गई, 'अगर CSK क्वालिफाई करती है, तो धोनी वापस आएंगे.'

मैदान पर नहीं, फिर भी सबसे बड़ा आकर्षण

यह IPL शायद पहली बार ऐसा है, जब धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला… लेकिन फिर भी हर स्टेडियम में सबसे ज्यादा शोर उन्हीं के नाम पर सुनाई दिया.फैन्स सिर्फ इस उम्मीद में टिकट खरीदते रहे कि शायद आज माही मैदान पर उतर जाएं.

पिछले मैच में वह वॉर्म-अप करते भी दिखे थे, लेकिन प्लेइंग इलेवन में नाम नहीं आया. इसके बावजूद कैमरे उन्हीं पर टिके रहे, सोशल मीडिया उन्हीं से भरा रहा और चर्चा भी उन्हीं की होती रही.

यही धोनी की विरासत है- वह खेलें या न खेलें, IPL की कहानी उनके बिना पूरी नहीं होती.

Advertisement

रिटायरमेंट का सवाल... और अंतहीन इंतजार

पिछले कुछ सीजन से हर IPL में एक सवाल गूंजता है- 'क्या यह धोनी का आखिरी सीजन है?'  लेकिन हर बार वह बिना कोई घोषणा किए अगले साल की उम्मीद छोड़ जाते हैं.

अभी भी उनके भविष्य को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है. मगर जब तक आधिकारिक रिटायरमेंट नहीं आता, तब तक CSK फैन्स  उम्मीद नहीं छोड़ेंगे.और सच कहें तो IPL को भी शायद अभी उस आखिरी ‘माही मोमेंट’ का इंतजार है.

पांच ट्रॉफियां, अनगिनत यादें... और अब आखिरी चमत्कार?

MS Dhoni ने CSK को पांच IPL खिताब दिलाए और टीम को लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में बदल दिया. मुश्किल यह है कि इस बार कहानी उनके बल्ले से नहीं, बल्कि उनकी गैरमौजूदगी से लिखी जा रही है.

अब सबकी नजरें उस एक मैच पर टिकी हैं. अगर Chennai Super Kings जीतती है… अगर बाकी नतीजे साथ आते हैं… अगर नेट रन रेट का गणित बैठता है… यानी अगर सब कुछ उनके पक्ष में गया, तो यह IPL की सबसे यादगार वापसी में से एक होगी. और तब… शायद रांची से MS Dhoni फिर लौटेंगे, एक और हेलीकॉप्टर शॉट के साथ.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement