scorecardresearch
 

MLC 2026: 56 गेंदों में ठोके 121 रन, फिर भी टीम को मिली हार! धोनी के धुरंधर का टूट गया ये बड़ा सपना?

इस जीत के साथ वॉशिंगटन फ्रीडम ने लगातार तीसरी बार MLC के फाइनल में जगह बना ली है. साल 2024 की चैम्पियन और पिछले सीजन की रनर-अप इस टीम का सामना अब 18 जुलाई को खिताबी मुकाबले में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स से होगा. नाइट राइडर्स ने पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की की है.

Advertisement
X
शॉर्ट ने महज 46 गेंदों में जड़ा शतक (Photo:  X@ mattshort)
शॉर्ट ने महज 46 गेंदों में जड़ा शतक (Photo: X@ mattshort)

ओकलैंड में खेले गए मेजर लीग क्रिकेट के बेहद रोमांचक मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को वॉशिंगटन फ्रीडम के हाथों हार झेलनी पड़ी. बुधवार यानी 17 जुलाई को खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में सैन फ्रांसिस्को के कप्तान मैथ्यू शॉर्ट ने 56 गेंदों पर नाबाद 121 रनों की धमाकेदार पारी खेली, लेकिन उनका यह शतक भी टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सका. आईपीएल में धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले मैथ्यू शॉर्ट का मेजर लीग क्रिकेट के फाइनल में जाने का सपना टूट गया.

लगातार दूसरे मैच में नाबाद रहे शॉर्ट

लगातार दूसरे मैच में शॉर्ट अंत तक नाबाद रहे, लेकिन दूसरे छोर से पर्याप्त साथ न मिलने के कारण उनकी टीम लक्ष्य से चूक गई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 238 रनों का स्कोर खड़ा किया. मिचेल ओवेन ने महज 19 गेंदों में 42 रन जड़ दिए. इसके अलावा स्टीव स्मिथ ने 20 गेंदों में 43 रनों की पारी खेलकर टीम को तेज तर्रार शुरुआत दिलाई.

शॉर्ट ने 11 चौके और 8 छक्के जड़ बनाए 121 रन

छठे ओवर में ओवेन ने हसन खान को लगातार चार छक्के जड़े. स्मिथ के आउट होने के बाद एंड्रीज गौस ने 40 गेंदों में 73 रनों (8 चौके, 3 छक्के) की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. रचिन रवींद्र (14 गेंद में 28 रन) ने भी अहम योगदान दिया, जिससे स्कोर 238 तक पहुंच गया. 239 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (18) और फिन एलन जल्दी पवेलियन लौट गए. हालांकि, कप्तान मैथ्यू शॉर्ट ने अकेले मोर्चा संभाला. उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 8 छक्के जड़े और मात्र 46 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया.

Advertisement

आखिरी दो ओवर में चाहिए थे 29 रन

अंतिम दो ओवरों में टीम को 29 रनों की दरकार थी. 19वें ओवर में सौरभ नेत्रावलकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 रन दिए. आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे. शॉर्ट ने मिचेल ओवेन के इस ओवर की शुरुआत छक्के और चौके से की. इसी बीच विकेटकीपर गौस ने शॉर्ट को रन-आउट करने का एक बेहद आसान मौका भी गंवा दिया, लेकिन इसके बावजूद शॉर्ट टीम को जीत नहीं दिला सके. सैन फ्रांसिस्को की टीम 20 ओवर में 231/6 का स्कोर ही बना सकी.

शॉर्ट के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

इस हार के साथ मैथ्यू शॉर्ट के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया. वह MLC इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए हारने वाली टीम की तरफ से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले सीजन में सिएटल ऑर्कास के खिलाफ हार वाले मैच में नाबाद 108 रन बनाए थे.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement