आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है. टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा अब कम से कम 2 मैचों के लिए बाहर रहेंगे. इसकी पुष्टि खुद कप्तान हार्दिक पंड्या ने पंजाब किंग्स के खिलाफ गुरुवार को हुए मैच से पहले टॉस के दौरान की.
दरअसल, रोहित शर्मा को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी. उस मैच में वह 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर रिटायर आउट हो गए थे. इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 अप्रैल को मैच से पहले उनका स्कैन भी कराया गया था और वह फिट होने की रेस में थे, लेकिन आखिरकार उन्हें आराम देने का फैसला लिया गया.
क्या बोले हार्दिक पंड्या
हार्दिक ने साफ कहा कि रोहित को अपनी स्थिति समझने के लिए थोड़ा समय चाहिए और वह कुछ मुकाबलों से दूर रहेंगे. यह मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि रोहित इस सीजन में अब तक 4 मैचों में 137 रन बनाकर टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं. उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एक शानदार अर्धशतक भी लगाया था.
यह भी पढ़ें: Mi vs PBKS, IPL 2026 Live Score: मुंबई की बल्लेबाजी जारी, पंजाब किंग्स ने जीता है टॉस
सैंटनर भी मैच से बाहर
मुंबई को एक और झटका तब लगा जब मिचेल सैंटनर भी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहे. हालांकि टीम के लिए राहत की बात यह रही कि Quinton de Kock की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है. वहीं, युवा खिलाड़ी मयंक रावत को डेब्यू का मौका दिया गया है.
हार्दिक ने टॉस के दौरान कहा, रोहित शर्मा नहीं खेल रहे हैं. उन्हें अपनी स्थिति समझने के लिए कुछ मैचों का समय लगेगा. मिचेल सैंटनर भी उपलब्ध नहीं हैं. क्विंटन डी कॉक टीम में वापस आए हैं और मयंक रावत आज डेब्यू कर रहे हैं.
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है और अपनी पिछली प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है. मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है.
अगर प्लेइंग इलेवन की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और दीपक चाहर को मौका दिया है.
वहीं पंजाब किंग्स की टीम में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल शामिल हैं.