पाकिस्तान के ऑफ स्पिन गेंदबाज सईद अजमल ने संन्यास की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह अपने भविष्य के बारे में चयनकर्ताओं से चर्चा करेंगे.
पिछले साल सितम्बर में इस 38 वर्षीय क्रिकेट खिलाड़ी को संदिग्ध गेंदबाजी के चलते अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बॉलिंग करने से रोक दिया गया था. अजमल ने कहा, 'मैं इस तरह से संन्यास नहीं लेना चाहता क्योंकि मैंने अपने बलबूते पर पाकिस्तान को मैच जिताने में काफी योगदान दिया है. मैं सम्मान और गर्व के साथ संन्यास लेना चाहता हूं. मैं निश्चित तौर पर चयनकर्ताओं के साथ बैठकर अपने भविष्य के बारे में बात करुंगा.'
कुछ समय में हासिल कर लूंगा लय
अजमल ने कहा कि उन्हें अपनी गेंदबाजी की लय में वापस आने के लिए कुछ समय की जरूरत है उनका मानना है कि वह अभी भी क्रिकेट के छोटे प्रारूपों में प्रभावशाली हो सकते हैं और आगामी टूर्नामेंट में वह इस बात साबित कर देंगे.