scorecardresearch
 

IPL 2026: ड्रॉप कैच, गड्ढा फील्ड‍िंग और डूब गया पंजाब किंग्स... SRH से हार पर श्रेयस अय्यर का खुला कबूलनामा

PBKS vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रन की हार के बाद पंजाब किंग्स कप्तान श्रेयस अय्यर ने खराब फील्डिंग को हार की सबसे बड़ी वजह बताया. PBKS ने तीन कैच छोड़े और एक स्टंपिंग मिस की, जिसका SRH ने पूरा फायदा उठाकर 235 रन बनाए. युजवेंद्र चहल की शानदार गेंदबाजी भी खराब फील्डिंग के कारण बेअसर रही, जबकि कूपर कोनोली ने शतक लगाकर संघर्ष किया.

Advertisement
X
तीसरी लगातार हार से हिली PBKS, कप्तान अय्यर बोले- हम हर विभाग में फेल रहे  (Photo: AFP )
तीसरी लगातार हार से हिली PBKS, कप्तान अय्यर बोले- हम हर विभाग में फेल रहे (Photo: AFP )

Sunrisers Hyderabad vs Punjab Kings: आईपीएल के मौजूदा सीजन में लगातार तीसरी हार झेलने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने टीम की खराब फील्डिंग पर खुलकर नाराजगी जाहिर की. पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के खिलाफ 33 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अय्यर ने साफ कहा कि मैच उनकी टीम के हाथ से फील्डिंग की वजह से निकला.

हैदराबाद में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. पंजाब के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान तीन आसान कैच टपकाए, जबकि एक स्टंपिंग का मौका भी गंवा दिया. अय्यर का मानना है कि अगर ये मौके भुनाए जाते तो SRH का स्कोर 30-40 रन कम हो सकता था.

मैच के बाद अय्यर ने कहा- हमने शुरुआत में बहुत कैच छोड़े. अगर वे मौके पकड़ लेते तो उनका स्कोर 30-40 रन कम रह सकता था. विकेट धीरे-धीरे स्लो हो रही थी और कटर्स रुककर आ रहे थे, लेकिन हम फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी तीनों विभागों में अच्छे नहीं रहे. SRH ने हमें दिखाया कि मैच कैसे जीता जाता है. 

चहल की शानदार गेंदबाजी पर फिरा पानी
स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 1 विकेट लेकर सिर्फ 32 रन दिए, लेकिन उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिला. उनके एक ही ओवर में एक कैच छोड़ा गया और एक स्टंपिंग भी मिस हुई. इस सीजन चहल ने कुल 16 कैचिंग मौके बनाए हैं, लेकिन उनमें से 8 बार फील्डरों ने कैच छोड़ दिए. यानी उनके गेंदबाजी पर कैच पकड़ने की सफलता सिर्फ 50 प्रतिशत रही है. IPL 2026 में चार या उससे ज्यादा मौके बनाने वाले गेंदबाजों में यह सबसे खराब आंकड़ा है.

Advertisement

अय्यर ने चहल की तारीफ करते हुए कहा- चहल ने शानदार गेंदबाजी की. वह बिल्कुल निडर थे, खासकर लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ. मैंने उनसे कहा था कि नए बल्लेबाजों पर अटैक करें क्योंकि सामने वाले बल्लेबाज पहली गेंद से हमला कर रहे थे. लेकिन दुर्भाग्य से हम कैच नहीं पकड़ सके और यही मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना.

कूपर कॉनॉली ने अकेले संभाली लड़ाई
जहां बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे, वहीं युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली ने अकेले मोर्चा संभाला. उन्होंने 59 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाए. यह उनके प्रोफेशनल करियर का पहला शतक भी रहा. अय्यर ने कोनोली की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- वह शानदार खिलाड़ी हैं. उनका माइंडसेट कमाल का है और दबाव में बड़े रन बनाने की कला उनमें है. आज उन्होंने फिर वही साबित किया. 

लगातार तीसरी हार के बाद क्या बोले कप्तान?
पंजाब किंग्स अब लगातार तीन मैच हार चुकी है. टीम को अब पांच दिन का ब्रेक मिलेगा, जिसके बाद 11 मई को धर्मशाला में उनका मुकाबला द‍िल्ली कैप‍िटल्स से होगा. अय्यर ने कहा कि टीम को अब पीछे मुड़कर अपनी गलतियों का विश्लेषण करना होगा. हमें पिछले तीन मैचों में हुई गलतियों पर काम करना होगा और मजबूत वापसी करनी होगी.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement