scorecardresearch
 

10 छक्के, 4 चौके और 21 बॉल पर फिफ्टी... फिन एलन ने गुजरात टाइटन्स को धो डाला, वैभव सूर्यवंशी की कर ली बराबरी

फिन एलन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में तूफानी शतक लगाया था. एलन ने अब अपनी फॉर्म को बरकरार रखते हुए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया. एलन को 33 रनों के स्कोर पर जीवनदान मिला था, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया.

Advertisement
X
फिन एलन ने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया. (Photo: BCCI)
फिन एलन ने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया. (Photo: BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शनिवार (16 मई) को गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मुकाबले में फिन एलन का बल्ला जमकर बोला. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सलामी बल्लेबाज एलन ने ईडन गार्डन्स में हुए इस मुकाबले में सिर्फ 35 गेंदों पर 93 रन बना दिए. इस दौरान एलन के बल्ले से 10 छक्के और 4 चौके निकले.

फिन एलन की तूफानी पारी के दम पर कोलकाता ने 2 विकेट पर 247 रन बना दिए. एलन के पास मौजूदा सीजन में दूसरी बार शतक लगाने का मौका था, लेकिन वो स्पिनर आर साई किशोर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर राशिद खान को कैच थमा बैठे. एलन ने आईपीएल में दूसरी बार एक पारी में 10 छक्के लगाए हैं.

इससे पहले फिन एलन ने मौजूदा सीजन में ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 47 बॉल पर नाबाद 100 रन बनाए थे, जिसमें 10 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. एलन आईपीएल में सबसे ज्यादा बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजी की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा भी दो-दो बार ऐसा कर चुके हैं. क्रिस गेल इस मामले में पहले नंबर पर हैं, जिन्होंने चार मौकों पर आईपीएल इनिंग्स में 10 या उससे ज्यादा छक्के जड़े.

Advertisement

सर्वाधिक बार 10 या उससे छक्के (IPL इनिंग्स)
4- क्रिस गेल
2- अभिषेक शर्मा
2- वैभव सूर्यवंशी
2- फिन एलन*

फिन एलन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक आईपीएल पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं. ब्रैंडन मैक्कुलम ने आईपीएल के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 13 छक्के लगाए थे. वहीं 2018 के सीजन में आंद्रे रसेल ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विरुद्ध 11 छक्के जड़े थे.

IPL की एक इनिंग्स में सबसे अधिक छक्के (KKR बल्लेबाज)
13- ब्रैंडन मैक्कुलम बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बेंगलुरु, 2008
11- आंद्रे रसेल बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, चेन्नई, 2018
10- फिन एलन बनाम दिल्ली कैपिटल्स, दिल्ली, 2026
10- फिन एलन बनाम गुजरात टाइटन्स, कोलकाता, 2026

फिन एलन जब 33 रन पर खेल रहे थे, तो जेसन होल्डर की गेंद पर मोहम्मद सिराज ने उनका कैच टपका दिया. इस जीवनदान का एलन में भरपूर फायदा उठाया और तूफानी पारी खेल डाली.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement