इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में 3 अप्रैल (शुक्रवार) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने पहले घरेलू मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) से भिड़ने जा रही है. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला सीएसके के लिए यह मैच सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास वापस पाने की परीक्षा भी है. पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम को अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था.
गुवाहाटी में खेले गए उस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन हर विभाग में फीका रहा. बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, टीम कहीं भी प्रभाव नहीं छोड़ पाई. अब चेपॉक की पिच पर वापसी करना उनके लिए बेहद जरूरी हो गया है, खासकर ऐसे टूर्नामेंट में जहां शुरुआत का मोमेंटम काफी मायने रखता है. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा.
इस मुकाबले में सबसे बड़ी चर्चा महेंद्र सिंह धोनी को लेकर है. चोट के चलते वह पिछले मैच में टीम के साथ नहीं थे, लेकिन उम्मीद है कि वह इस मैच में डगआउट में नजर आएंगे. भले ही वह मैदान पर ना उतरें, लेकिन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए उनका अनुभव किसी गेमचेंजर से कम नहीं होगा.
संजू करना चाहेंगे धांसू प्रदर्शन
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी पिछले मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही थी. इस सीजन के बड़े साइनिंग संजू सैमसन अपने डेब्यू मैच में कुछ खास नहीं कर पाए और जल्दी आउट हो गए. ऐसे में घरेलू दर्शकों के सामने उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी. सरफराज खान को 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में मौका मिला था, लेकिन वह लंबी पारी नहीं खेल पाए. हालांकि उनकी तकनीक ने जरूर प्रभावित किया. टीम को कार्तिक शर्मा जैसे युवाओं से भी बेहतर योगदान की उम्मीद होगी.
साथ ही डेवाल्ड ब्रेविस की फिटनेस अब भी सवालों के घेरे में है, जिससे टीम कॉम्बिनेशन पर असर पड़ सकता है. मैट हेनरी और नूर अहमद को पिछले मैच में काफी महंगे साबित हुए. खासकर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इन गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर रन बनाए. ऐसे में इस मैच में टीम के गेंदबाजों को वापसी करनी ही होगी.
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स इस सीजन में संतुलित और मजबूत नजर आ रही है. कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी टीम को नई दिशा दे रही है. पंजाब ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ जीत हासिल की थी. उस मुकाबले में कूपर कोनोली ने शानदार पारी खेली और टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला. हालांकि मिडिल ऑर्डर थोड़ा लड़खड़ाया, लेकिन टीम ने अंत में जीत दर्ज की. गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी से विपक्षी बल्लेबाजों को बांधे रखा और दो अहम विकेट भी लिए. वहीं विजयकुमार वैशाक ने डेथ ओवर्स में शानदार प्रदर्शन किया.
यह मुकाबला एक तरफ चेन्नई सुपर किंग्स को जहां वापसी का मौका देगा, तो दूसरी तरफ पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को जारी रखने का प्रयास करेगी. चेपॉक की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है, जिसके चलते एक हाईस्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद है.
चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्लेइंग-11: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवर्टन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कम्बोज और खलील अहमद.
इम्पैक्ट सब: सरफराज खान/प्रशांत वीर.
पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल.
इम्पैक्ट सब: जेवियर बार्टलेट/बेन ड्वारशुइस.