इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) से पहले गुजरात टाइटंस ने बड़ा फैसला लिया है. टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन को अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है. फ्रेंचाइज़ी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. गुजरात टाइटंस आईपीएल 2025 में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब अगले सीजन की तैयारी मजबूत करना चाहती है. पिछली बार टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी.
अब कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में मजबूत बैटिंग लाइनअप को और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी हेडन के पास होगी.
फ्रेंचाइज़ी ने क्या कहा
गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने कहा कि हेडन का अनुभव टीम के लिए बहुत अहम साबित होगा. उन्होंने कहा, मैथ्यू हेडन की नियुक्ति हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण समय पर हुई है. हमारी फ्रेंचाइज़ी हमेशा बेहतर प्रदर्शन और लंबे समय तक सफलता हासिल करने पर ध्यान देती है. उनका अनुभव और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की क्षमता हमारी टीम की बैटिंग पहचान बनाने में मदद करेगी.
हेडन क्या बोले
मैथ्यू हेडन ने गुजरात टाइटंस से जुड़ने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि टीम के बल्लेबाजों में आक्रामक और निडर सोच विकसित करना उनका लक्ष्य होगा. उन्होंने कहा, अच्छी बल्लेबाजी विपक्षी टीम पर दबाव बनाती है, लेकिन शानदार बल्लेबाजी मैच पर पूरी तरह कब्जा कर लेती है. गुजरात टाइटंस के साथ हम यही स्तर हासिल करना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Auction Sold Players: आईपीएल ऑक्शन में जमकर बरसा पैसा, देखें सोल्ड खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
ऐसा रहा है मैथ्यू हेडन का अंतरराष्ट्रीय करियर
मैथ्यू हेडन अपने दौर के सबसे खतरनाक ओपनरों में से एक थे. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर 273 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 15,000 से ज्यादा रन बनाए.
2000 के दशक में ऑस्ट्रेलिया की सफल टीम का वह अहम हिस्सा रहे और कई आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में योगदान दिया.
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली ने लिमिटेड ओवर क्रिकेट में पावरप्ले के इस्तेमाल को नया रूप दिया, जिसका असर आज भी टी20 क्रिकेट में देखा जाता है.
गुजरात टाइटंस के कोचिंग स्टाफ में कौन-कौन
गुजरात टाइटंस के कोचिंग ग्रुप में हेडन, हेड कोच आशीष नेहरा के साथ काम करेंगे. हेडन की आक्रामक सोच और गिल की कप्तानी का संयोजन इस सीजन देखने लायक होगा.
मैथ्यू हेडन ने अपने आईपीएल करियर में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए 2008 से 2010 तक खेला. इस दौरान उन्होंने 32 मैच में 1107 रन बनाए. 2009 में उन्होंने 572 रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीती थी. 010 में उन्होंने “मोंगूस बैट” का इस्तेमाल कर काफी चर्चा बटोरी और कई विस्फोटक पारियां खेलीं.